सोमवार, 12 मई, 2008 को 15:04 GMT तक के समाचार
बांग्लादेश में दिसंबर महीने के तीसरे सप्ताह आम चुनाव कराए जाने की घोषणा की गई है.
सेना के समर्थन से चल रही कार्यवाहक सरकार के प्रमुख ने टीवी पर दिए एक संदेश में इसकी घोषणा की है.
कार्यवाहक सरकार के प्रमुख फ़ख़रूद्दीन अहमद ने कोई तारीख़ नहीं बताई है लेकिन कहा है कि साल के अंतिम महीने के तीसरे सप्ताह में लोग मतदान करेंगे.
अपने टेलीविज़न संदेश में अहमद ने कहा कि चुनाव आयोग मतदान की तारीख़ की घोषणा बाद में करेगा.
उन्होंने कहा, "इस घोषणा के बाद राजनीतिक दलों की इन अटकलों पर विराम लग जाना चाहिए कि चुनाव कब होंगे."
अहमद ने कहा कि 22 मई से राजनीतिक पार्टियों के साथ बातचीत की प्रक्रिया शुरू होगी जिसमें चुनाव संबंधी सभी मुद्दों पर विस्तार से चर्चा होगी.
पिछले वर्ष जनवरी महीने में बांग्लादेश में आम चुनाव होने थे लेकिन कार्यवाहक सरकार ने बढ़ती राजनीतिक हिंसा के बीच चुनाव स्थगित कर दिए थे.
कार्यवाहक सरकार के प्रमुख ने कहा था कि देश में भ्रष्टाचार और कुव्यवस्था से निबटने के बाद ही आम चुनाव कराए जाएँगे.