http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 05 मई, 2008 को 17:13 GMT तक के समाचार

नंदीग्राम में फिर हिंसा की ख़बर

नंदीग्राम में भूमि अधिग्रहण का विरोध कर रही भूमि उच्छेद प्रतिरोध समिति और सत्ताधारी सीपीएम के कार्यकर्ताओं के बीच हुए ताज़े संघर्ष में दो लोग घायल हो गए हैं.

दोनों घायल व्यक्ति भूमि उच्छेद प्रतिरोध समिति से संबद्ध हैं. उन्हें नंदीग्राम के अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

समाचार एजेंसियों के मुताबिक सोमवार को दोनों पक्षों की ओर से गोलाबारी की ख़बर है.

पुलिस अधीक्षक एस पंडा ने समाचार एजेंसियों को बताया कि नंदीग्राम ब्लॉक दो के सातेंगाबाड़ी और जामबाड़ी इलाक़े में यह घटना हुई है.

हिंसा की इस घटना के बाद क़रीब पाँच सौ लोगों ने नंदीग्राम ब्लॉक एक और महेशपुर के राहत शिवरों में आश्रय लिया है.

उल्लेखनीय है कि नंदीग्राम में 11 मई को पंचायत चुनाव होने वाले हैं.

नंदीग्राम में पिछले साल में हुई हिंसा में कई लोगों की मौत हो गई थी. इस हिसा की व्यापक पैमाने पर आलोचना हुई थी.