शनिवार, 03 मई, 2008 को 08:35 GMT तक के समाचार
उमर फ़ारुक़
बीबीसी संवाददाता, हैदराबाद
भारत की सबसे बड़ी मिर्च मंडी आंध्र प्रदेश के गुंटूर में शनिवार की सुबह भीषण आग लग गई. बड़े क्षेत्र में मिर्च का धुआँ फैलने से लोगों के बीच दहशत का माहौल है.
प्रशासन ने एहतियातन निकटवर्ती इलाकों से लोगों को हटाना शुरू कर दिया है.
गुंटूर ज़िले के पुलिस अधीक्षक महेश चंद्र लड्ढा बचाव और राहत अभियान की निगरानी कर रहे हैं.
उन्होंने बताया कि आग करीब 50 एकड़ क्षेत्र में फैली मिर्च मंडी के दो-तिहाई हिस्से में फैली है.
उन्होंने कहा, "अभी जनहानि की कोई सूचना नहीं है."
छुट्टी होने के कारण मंडी में ज़्यादा लोग नहीं थे.
बचाव अभियान
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दमकल विभाग की 10 गाडियाँ आग बुझाने के काम में लगी हुई हैं, लेकिन तेज़ हवाओं से इस काम में व्यवधान पड़ रहा है.
उन्होंने बताया कि आग पर काबू के लिए निकटवर्ती ज़िलों कृष्णा और प्रकाशम से और दमकल बुलाई गई हैं.
यह क्षेत्र वैसे भी भीषण गर्मी की चपेट में है और पारा 43 डिग्री को पार कर चुका है.
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि फिलहाल यह बताना मुश्किल है कि आग किन कारणों से लगी.
उन्होंने कहा, "इसकी पड़ताल बाद में की जाएगी, फिलहाल हमारी सबसे बड़ी चिंता आग पर काबू पाना और इसे दूसरे इलाकों तक फैलने से रोकना है."
मंडी में करीब 450 दुकानें हैं जहाँ किसानों से मिर्च ख़रीदी जाती हैं. ये सभी दुकानें आग की भेंट चढ़ चुकी हैं.
माना जा रहा है कि दुर्घटना के समय मंडी में करीब 50 करोड़ रुपये के मिर्चियों से भरे बोरे थे.
हालाँकि अधिकारियों का कहना है कि उन्हें इस बात की पुख्ता जानकारी नहीं है कि दुर्घटना के वक़्त मंडी में कितनी मिर्च थी.