http://www.bbcchindi.com

बुधवार, 30 अप्रैल, 2008 को 15:28 GMT तक के समाचार

अरविंद दास
बीबीसी हिंदी डॉट कॉम के लिए

दलित बच्ची को झुलसाने की घटना

उत्तर प्रदेश पुलिस का कहना है कि मथुरा के पास एक गाँव में मंगलवार को उच्च जाति के एक युवक ने छह साल की एक दलित बच्ची को जलते कूड़े में धकेल दिया.

पुलिस के मुताबिक बच्ची को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है. बच्ची की हालत ख़तरे से बाहर है.

मथुरा से 40 किलोमीटर दूर तरौली जानुबी नाम के गाँव में जब बच्ची अपनी माँ के साथ एक उच्च जाति के घर के पास बनी सड़क से गुज़र रही थी तब यह घटना हुई.

मथुरा के एसएसपी आरके चतुर्वेदी ने बीबीसी को बताया, "18-19 वर्षीय सुनील उर्फ़ सन्नी ने बच्ची को अपने घर के पास से गुज़रने वाली सड़क से जाने से रोका. लड़की घबरा कर रुक गई. उसके बाद अभियुक्त ने वहाँ पर एक सुलगते हुए कूड़े के गढ्ढे में बच्ची को धक्का दे कर गिरा दिया."

पुलिस का कहना है कि भारतीय दंड सहिता यानी आईपीसी की धारा 307 और अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति क़ानून के तहत अभियुक्त को गिरफ़्तार कर जेल भेज दिया गया है.

हालांकि पुलिस ने इस घटना के पीछे किसी तरह के जातिगत द्वेष से इनकार किया है लेकिन भारत में गाहे-बगाहे दलितों के ऊपर विभिन्न तरह के अत्याचार की घटनाएँ होती रहती है.

पुलिस का कहना है कि मामले की पूरी छानबीन की जा रही है.