http://www.bbcchindi.com

बुधवार, 30 अप्रैल, 2008 को 11:07 GMT तक के समाचार

नवाज़-ज़रदारी के बीच अहम बातचीत

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज़ शरीफ़ दुबई रवाना हो गए हैं जहाँ निलंबित जजों के भविष्य को लेकर गठबंधन नेताओं के साथ अहम बैठक होगी.

पाकिस्तान में सरकार को गठित हुए लगभग एक महीना हो गया था और जजों की बहाली के बारे में किए गए वादे की समयसीमा बुधवार को समाप्त हो रही है.

नवाज़ शरीफ़ के प्रवक्ता का कहना है कि दुबई में पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी के नेता आसिफ़ ज़रदारी से उनकी बात होगी.

गठबंधन के नेताओं का कहना है कि ज़रदारी को इस बात की चिंता है कि मुख्य न्यायाधीश बहाली के बाद उस निर्णय को पलट न दें जिसके तहत उनके ख़िलाफ़ चल रहे भ्रष्टाचार के मामलों को ख़त्म किया गया था.

पिछले साल राष्ट्रपति परवेज़ मुशर्रफ़ ने इमरजेंसी के तहत कई जजों को निलंबित कर दिया था.

बीबीसी संवाददाता का कहना है कि दोनों दलों में अभी तक जजों की बहाली को लेकर मतभेद बने हुए हैं.

पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज़ (पीएमएल-एन) के सचिव इमरान ख्वाजा ने समाचार एजेंसी एएफ़पी को बताया,'' नवाज़ शरीफ़ अंतिम प्रयासों के तहत आसिफ़ ज़रदारी से मिलेंगे ताकि जजों की बहाली के मसले पर उन्हें सहमत कराया जा सके.''

ये बैठक बुधवार को होने की उम्मीद है

गतिरोध

ग़ौरतलब है कि पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी के नेतृत्व में सत्तारूढ़ गठबंधन को नवाज़ की पार्टी पीएमएलएन का समर्थन हासिल है.

नवाज़ शरीफ़ का कहना है कि सरकार गठन के लिए जो गठबंधन बना था उसके पीछे जिन कामों को तत्काल किया जाना तय किया गया था, जजों की बहाली उसमें से एक था.

ग़ौरतलब है कि पिछले कुछ महीनों में कई जजों को आपातकाल के दौरान निलंबित कर दिया गया था. इन जजों का निलंबन ख़ासा विवादित रहा था और इसके विरोध में कई धरने प्रदर्शन भी हुए थे.

राष्ट्रपति परवेज़ मुशर्रफ़ ने क़रीब 60 जजों को निलंबित कर दिया था. इनमें मुख्य न्यायाधीश जस्टिस इफ़्तिख़ार चौधरी भी शामिल थे.

नवाज़ शरीफ़ का कहना है कि गठबंधन सरकार को अपना वादा निभाना चाहिए और जजों की बहाली तय समयसीमा में हो जानी चाहिए.

पर दोनों ही दल अभी इस नतीजे पर नहीं पहुँचे हैं कि जजों की बहाली को कैसे तय किया जाए.

पिछले दिनों इस सिलसिले में नवाज़ शरीफ़ ने पीपीपी के कार्यवाहक अध्यक्ष आसिफ़ अली ज़रदारी से मुलाक़ात की थी पर इसका कोई नतीजा नहीं निकला था और उनकी बहाली के लिए दोनों ने फिर से बातचीत का फ़ैसला किया था.