http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 29 अप्रैल, 2008 को 23:11 GMT तक के समाचार

अल्ताफ़ हुसैन
बीबीसी संवाददाता, श्रीनगर

'हरकत का प्रमुख कमांडर मारा गया'

भारत प्रशासित कश्मीर की पुलिस का कहना है कि उन्होंने चरमपंथी गुट हरकत उल मुजाहिदीन के प्रमुख कमांडर सज्जाद अफ़ग़ानी को मुठभेड़ में मार दिया है.

पुलिस का कहना है कि सज्जाद अफ़ग़ानी श्रीनगर से लगभग 50 किलोमीटर दूर स्थित सोपोर में हुई मुठभेड़ में मारे गए.

पुलिस अधीक्षक इम्तियाज़ अहमद ने बीबीसी को बताया कि मंगलवार की रात पुलिस ने एक पुराने अस्पताल की इमारत की घेरेबंदी की थी जिसके बाद वहाँ मुठभेड़ शुरू हो गई.

पुलिस प्रमुख का कहना था कि सुरक्षाबलों से घिर जाने के बाद सज्जाद अफ़ग़ानी ने आत्मसमर्पण के बजाए ग्रेनेड फेंका और गोलीबारी की.

पुलिस का कहना है कि वो पाकिस्तान नागरिक था और पिछले एक दशक से कश्मीर में भारतीय प्रशासन के ख़िलाफ़ संघर्ष कर रहा था.

ग़ौरतलब है कि राज्य में पुलिस ने पिछले कुछ महीनों से अभियान चला रखा है और उसने कई चरमपंथियों को मारा है.

चरमपंथी गुट हरकत उल मुजाहिदीन को अमरीका और पाकिस्तान ने प्रतिबंधित संगठनों की सूची में डाल रखा है.