शनिवार, 26 अप्रैल, 2008 को 22:48 GMT तक के समाचार
तिब्बत के आध्यात्मिक नेता और निर्वासित सरकार के प्रमुख दलाई लामा ने वार्ता के चीन के प्रस्ताव पर ऐहतियाहत के साथ प्रतिक्रिया व्यक्त की है.
उन्होंने कहा कि वे वार्ता का स्वागत करते हैं लेकिन इसका मतलब तभी है जब कि वार्ता को गंभीरता के साथ लिया जाए.
चीन ने शुक्रवार को दलाई लामा के प्रतिनिधि के साथ चर्चा का प्रस्ताव दिया है.
पिछले महीने से चीन के ख़िलाफ़ तिब्बतियों के लगातार प्रदर्शन के बाद चीन की ओर से यह प्रस्ताव आया है.
इस बीत अंतरराष्ट्रीय समुदाय की ओर से यह कई बार कहा जा चुका है कि चीन को तिब्बत के नेताओं से चर्चा करनी चाहिए.
'स्वागत'
चीन के प्रस्ताव पर पत्रकारों ने जब दलाई लामा की प्रतिक्रिया पूछी तो उन्होंने कहा, "यह इस बात पर निर्भर करता है कि चर्चा किस तरह की है. अगर वार्ता गंभीर है तो इसका स्वागत है."
उनका कहना था, "सिर्फ़ दोनों पक्षों का आमने-सामने बैठ जाना वार्ता नहीं है."
उल्लेखनीय है कि चीन ने दलाई लामा के प्रतिनिधि से मिलने का प्रस्ताव किया है.
इससे पहले चीन हमेशा से कहता रहा है कि वह तिब्बत के निर्वासित नेता दलाई लामा से तभी चर्चा करेगा जब 'वह अपनी अलगाववादी गतिविधियाँ छोड़ देंगे' और 'तिब्बत-ताईवान को चीन का अभिन्न अंग मान लेंगे'.
चीन ने दलाई लामा पर हाल के चीन विरोधी प्रदर्शनों को संचालित करने का भी आरोप लगाया था.