शुक्रवार, 25 अप्रैल, 2008 को 18:15 GMT तक के समाचार
श्रीलंका की राजधानी कोलंबो के बाहरी हिस्से में एक बस पर हुए बम हमले में कम से कम 24 लोग मारे गए हैं और 52 अन्य घायल हुए हैं.
अधिकारियों का कहना है कि कोलंबो के दक्षिणी हिस्से में स्थित पिलियांडला में यह हमला शाम को व्यस्त यातायात के बीच हुआ.
उनका कहना है कि जब बस रुकी तो पार्सल बम में विस्फोट हुआ.
एक सरकारी प्रवक्ता ने इस विस्फोट के लिए तमिल विद्रोही गुट एलटीटीई को दोषी ठहराया है.
उल्लेखनीय है कि जनवरी में सरकार के संघर्ष विराम से हट जाने के बाद से श्रीलंका में हिंसा में बढ़ोत्तरी हुई है.
इस बीच सरकार ने दावा किया है कि सैनिकों ने देश के सबसे महत्वपूर्ण रोमन कैथोलिक चर्च पर नियंत्रण कर लिया है.
उत्तरी मन्नार इलाक़े में स्थित इस चर्च पर हमले के लिए दोनो पक्ष एक दूसरे पर आरोप लगाते रहे हैं और तस्वीरों से दिखता है कि चर्च को नुक़सान पहुँचा है.
'कायरतापूर्ण कार्रवाई'
सरकारी प्रवक्ता लक्ष्मण हुलुगाले ने बीबीसी को बताया कि बस में एक पार्सल बम रखा गया था.
उस समय बस काम से घर लौटते हुए लोगों से भरी हुई थी.
बस जैसे ही स्टॉप से आगे बढ़ी, उसमें विस्फोट हो गया.
सरकारी प्रवक्ता ने इसे 'नागरिकों पर हमले की कायरतापूर्ण कार्रवाई' कहा है.
पुलिस का कहना है कि दस व्यक्ति घटनास्थल पर ही मारे गए जबकि 14 व्यक्तियों की मौत अस्पताल ले जाते समय हुई.
प्रवक्ता ने बताया कि घायल हुए 52 व्यक्तियों को दो अस्पतालों में ले जाया गया है.
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि उन्होंने विस्फोट के बाद एक आग का गोला बस से बाहर की ओर आते हुए देखा.
तमिल विद्रोहियों ने इस विस्फोट पर कोई टिप्पणी नहीं की है.