http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 21 अप्रैल, 2008 को 11:04 GMT तक के समाचार

प्रधानमंत्री उचित वेतन के पक्ष में

प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने रक्षा और सिविल सेवाओं से जुड़े अधिकारियों से कहा है कि वे इन सेवाओं के लिए उचित वेतन का समर्थन करते हैं.

उल्लेखनीय है कि छठे वेतन आयोग ने हाल ही में अपना रिपोर्ट सौंपी था जिस पर सेना और सिविल सेवाओं के अधिकारियों ने अपनी नाराज़गी जताई थी.

प्रधानमंत्री ने सोमवार को सिविल सेवा के अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा, "मैं चाहता हूँ कि हमारी सेना और सिविल सेवाओं से जुड़े लोगों को समुचित मेहनताना मिले. जब तक आप लोगों के हित के लिए दक्षता पूर्वक काम करते हैं तब तक मुझे नहीं लगता कि आपको बेहतर वेतन देने से करदाता नाख़ुश होंगें."

छठे वेतन आयोग की सिफ़ारिशों को लेकर हुई आलोचना के बाद सरकार ने पिछले हफ़्ते कैबिनेट सचिव केएम चंद्रशेखर की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय आयोग के गठन की घोषणा की थी.

यह समिति वेतन आयोग की सिफ़ारिशों पर ग़ौर करेगी.

प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकारी कर्मचारियों की शिकायतों को सुनने और उन्हें दूर करने के लिए सरकार एक तंत्र गठित करने के प्रस्ताव पर काम कर रही है.

केंद्र सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों की शिकायत रही है कि प्राइवेट सेक्टर के मुकाबले उन्हें बहुत कम वेतन मिल रहा है.

छठे वेतन आयोग ने केंद्र सरकार के अधिकारियों का वेतन 40 प्रतिशत तक बढ़ाने की सिफ़ारिश की थी.