http://www.bbcchindi.com

रविवार, 20 अप्रैल, 2008 को 08:18 GMT तक के समाचार

अल्ताफ़ हुसैन
बीबीसी संवाददाता, श्रीनगर

कश्मीर में मुठभेड़, पाँच चरमपंथी मारे गए

भारत प्रशासित कश्मीर में अधिकारियों का कहना है कि कुपवाड़ा ज़िले में हुई मुठभेड़ में जैश-ए-मोहम्मद का ज़िला कमांडर मारा गया है.

शनिवार को हुई मुठभेड़ में चार अन्य चरमपंथी भी मारे गए हैं.

अधिकारियों के मुताबिक़ पुलिस और सेना के अधिकारियों ने वारनू के जंगलों में छिपे चरमपंथियों को ढूँढ़ने के लिए एक संयुक्त अभियान चलाया था उसी दौरान मुठभेड़ शुरू हो गई.

इसे क्षेत्र में हुई अब तक हुई सबसे बड़ी मुठभेड़ों में से एक बताया जा रहा है.

मुठभेड़ के दौरान जैश-ए-मोहम्मद का ज़िला कमांडर अमजद भाई और उनके तीन साथी भी मारे गए है. अमजद भाई एक पाकिस्तानी नागरिक हैं.

कुपवाड़ा के ज़िला पुलिस प्रमुख विजय कुमार ने कहा कि ये भारतीय सुरक्षा को मिली एक अहम क़ामयाबी है.

वहीं एक अन्य घटना भारतीय फौज ने केरान क्षेत्र में नियंत्रण रेखा के पास हुई मुठभेड़ में एक चरमपंथी को मार गिराया है.

सेना के एक प्रवक्ता के मुताबिक़ वो व्यक्ति सीमा रेखा पर भारत की तरफ़ घुसपैठ कर रहा था.