शनिवार, 19 अप्रैल, 2008 को 05:56 GMT तक के समाचार
सलमान रावी
बीबीसी संवाददाता, झारखंड
तीन राज्यों में माओवादियों के घोषित बंद के दौरान झारखंड में कई जगहों पर हिंसा हुई है. माओवादियों ने दो लोगों की हत्या कर दी है.
बढ़ती महँगाई के ख़िलाफ़ पश्चिम बंगाल, झारखंड के दो ज़िलों और उड़ीसा में माओवादियों ने चौबीस घंटे के बंद का आयोजन किया है.
झारखंड में सरायकेला-खरसाँवा और पूर्वी सिंहभूम ज़िले में बंद का असर दिखाई दे रहा है.
बंद के दौरान ही शनिवार सुबह राष्ट्रीय राजमार्क संख्या 33 पर चांडिल के निकट माओवादियों ने कुछ ट्रकों पर हमला कर दिया और अंधाधुंध फ़ायरिंग की.
झारखंड पुलिस के प्रवक्ता राजकुमार मलिक ने बताया कि फ़ायरिंग की चपेट में एक ट्रक पलट गया और उसमें आग लग गई. आग लगने से ड्राइवर की झुलस कर मौत हो गई जबकि दो सह चालकों को गोलियाँ लगी.
इनमें से एक व्यक्ति ने दम तोड़ दिया जबकि दूसरे को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. ऐसी ख़बरें हैं कि कई और लोग भी हिंसा में घायल हुए हैं.
मौके पर पहुँची पुलिस और विद्रोहियों के बीच भी गोलीबारी हुई है.
कुछ दिनों पहले भी माओवादियों ने झारखंड के गढ़वा ज़िले में अपने आठ सदस्यों की पुलिस मुठभेड़ में हुई मौत के ख़िलाफ़ पाँच दिनों के बंद का आह्वान किया था.
उस समय भी कई जगहों पर हिंसा हुई थी और माओवादियों ने कई रूटों पर रेल यातायात बाधित कर दी थी.