http://www.bbcchindi.com

गुरुवार, 17 अप्रैल, 2008 को 20:10 GMT तक के समाचार

अफ़ग़ानिस्तान में मस्जिद के पास धमाका

अधिकारियों का कहना है कि अफ़ग़ानिस्तान के ज़रांज शहर में हुए एक आत्मघाती हमले में कम से कम 20 लोग मारे गए हैं और लगभग 30 अन्य लोग घायल हो गए हैं.

निमरोज़ सूबे के गवर्नर ग़ुलाम दस्तगीर आज़ाद ने बताया कि मारे गए लोगों में एक ज़िले के पुलिस प्रमुख और रिज़र्व पुलिस के कमांडर शामिल हैं.

उन्होंने बताया कि ये आत्मघाती हमला एक मस्जिद के बाहर हुआ और हमलावर दो हो सकते हैं.

ये धमाका तब हुआ जब लोग गुरुवार की शाम नमाज़ पढ़ने की तैयारी कर रहे थे.

हालांकि अभी आधिकारिक रूप से ये नहीं कहा गया है कि इस हमले के लिए कौन ज़िम्मेदार है.

लेकिन इसके पहले ऐसे हमलों के पीछे तालेबान का हाथ माना जा रहा है.

दूसरी ओर अफ़ग़ान अधिकारियों ने बताया कि देश के अन्य हिस्सों में कम से कम 12 चरमपंथी भी मारे गए हैं.

अफ़ग़ानिस्तान में हिंसा में बढ़ोत्तरी हुई है और तालेबान लड़ाकों ने राष्ट्रपति हामिद करज़ई की सरकार के ख़िलाफ़ संघर्ष तेज़ कर दिया है.

अफ़ग़ानिस्तान में अंतरराष्ट्रीय सैन्य बल के हज़ारों सैनिक तैनात हैं जो राष्ट्रपति करज़ई की सरकार की मदद कर रहे हैं.

बीबीसी संवाददाता का कहना है कि ज़रांज निमरोज़ प्रांत की राजधानी है और इसकी सीमाएँ ईरान से लगती हैं.

ये ही अफ़ग़ानिस्तान का एक ऐसा प्रांत है जिसमें अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा बल स्थाई रूप से तैनात नहीं हैं. यहाँ पिछले कुछ समय से हिंसा में बढ़ोत्तरी हुई है.