http://www.bbcchindi.com

बुधवार, 16 अप्रैल, 2008 को 06:21 GMT तक के समाचार

नर्मदा नहर में स्कूल बस गिरी, 44 की मौत

भारतीय राज्य गुजरात के वडोदरा में एक बस नर्मदा नहर में गिर गई जिससे कम से कम 44 लोगों की मौत हो गई.

मृतकों में ज़्यादातर स्कूली बच्चे थे. नहर में डूबी बस को निकाल लिया गया है और ज्यादातर लाशों को भी निकाला जा चुका है.

अधिकारियों का कहना है इस काम में सहूलियत के लिए सरदार सरोवर बाँध से नहर में आने वाले पानी को तत्काल रोक दिया गया है.

जिलाधिकारी विजय नेहरा और वडोदरा के पुलिस उपाधीक्षक अमित विश्वकर्मा घटनास्थल पर बचाव कार्य की निगरानी कर रहे हैं.

डीएसपी विश्वकर्मा ने मीडिया को बताया, "नहर से 42 शव निकाले जा चुके हैं जिनमें अधिकांश बच्चे हैं."

जिलाधिकारी नेहरा ने बताया कि नहर बहुत गहरी है और साठ फ़ीट गहरी नहर से चार बच्चों को बचाया गया है.

राज्य के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी आरके पटेल ने कहा है कि बीस से ज़्यादा बच्चे अब भी लापता हैं और मृतकों की संख्या बढ़ सकती है.

हादसा वडोदरा जिले के बोदेली गाँव में सुबह साढ़े छह बजे के आसपास हुआ है जो ज़िला मुख्यालय से करीब 60 किलोमीटर दूर है.

गुजरात राज्य परिवहन निगम की यह बस टारगोल से बोदेली जा रही थी.