मंगलवार, 15 अप्रैल, 2008 को 01:56 GMT तक के समाचार
पाकिस्तान की नवगठित संसद ने एक प्रस्ताव पारित कर पूर्व प्रधानमंत्री बेनज़ीर भुट्टो की हत्या की जाँच संयुक्त राष्ट्र से कराने की माँग की है.
पाकिस्तान के विधि मंत्री फ़ारूक़ नेक ने ये प्रस्ताव संसद में पेश किया जिसमें जाँचकर्ताओं से दोषियों की पहचान करने का आहवान किया गया है.
नेशनल असेंबली में विपक्षी दलों ने भी इस प्रस्ताव का विरोध नहीं किया.
पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) की नेता बेनज़ीर भुट्टो की 27 दिसंबर को उस समय हत्या कर दी गई जब वो रावलपिंडी में एक जनसभा को संबोधित करने के बाद अपनी कार की छत खोलकर समर्थकों का अभिभावदन कर रही थीं.
इस हत्याकांड के बाद पीपीपी ने मामले की जाँच संयुक्त राष्ट्र से कराने की माँग की थी जिसे राष्ट्रपति परवेज़ मुशर्रफ़ ने ख़ारिज कर दिया था.
उन्होंने बाद में ब्रिटेन की स्कॉटलैंड यार्ड पुलिस से हत्या की जाँच में मदद करने को कहा था और उसकी एक टीम ने आरंभिक जाँच में मदद करने के बाद अपनी रिपोर्ट में कहा था कि बेनज़ीर भुट्टो की मौत बम विस्फोट से हुई थी.
इसके बाद पाकिस्तान पुलिस ने बेनज़ीर भुट्टो की हत्या के मामले में दो लोगों को गिरफ़्तार किया था और ये दावा किया कि इन्होंने हमलावरों को मदद देने की बात क़बूल की है.
जाँच टीम के प्रमुख चौधरी अब्दुल मजीद ने बताया था कि दोनों संदिग्ध व्यक्तियों हसनान गुल और रुफ़ुकत ने रावलपिंडी में मजिस्ट्रेट के सामने अपना अपराध क़बूल कर लिया है.