http://www.bbcchindi.com

रविवार, 13 अप्रैल, 2008 को 18:18 GMT तक के समाचार

रेलवे स्टेशन पर माओवादी हमला

बिहार के झाझा रेलवे स्टेशन पर नक्सलियों ने हमला किया है जिसमें चार पुलिसकर्मियों समेत छह लोग मारे गए हैं. हमले में दस से ज़्यादा लोग घायल हुए हैं.

जमुई के पुलिस अधीक्षक विनय कुमार ने बीबीसी को बताया कि रविवार शाम माओवादी विद्रोहियों ने रेलवे स्टेशन पर स्थित राजकीय पुलिस थाने को निशाना बनाया और स्टेशन को चारों ओर से घेर लिया.

उन्होंने बताया कि लगभग सौ की संख्या में नक्सलियों ने अचानक धावा बोल दिया. उन्होंने गोलियाँ चलाई और बम फेंके. इस हमले में एक सब इंस्पेक्टर, रेलवे पुलिस के दो जवान, विशेष सहायक बल (सैफ) के दो जवान और एक पार्सलकर्मी की मौत हो गई.

पुलिस के मुताबिक उनका मकसद हथियार लूटना था और वे कुछ हथियार ले जाने में कामयाब भी रहे.

माओवादियों के साथ लगभग एक घंटे तक मुठभेड़ चली. माओवादियों ने घटना को अंजाम देने के पहले रेलवे स्टेशन के कर्मचारियों को भाग जाने के लिए कहा.

इस घटना के कारण हावड़ा-दिल्ली रूट पर कई गाड़ियों के परिचालन में बाधा आई है.

हावड़ा-पटना-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस और सियालदह-गोरखपुर एक्सप्रेस को झाझा रेलवे स्टेशन के बाहरी सिग्नल पर रोका गया, जबकि डाउन ट्रेनों में पाटलिपुत्र एक्सप्रेस, मोकामा-पैसेंजर ट्रेन को गिद्धौर रेलवे स्टेशन पर रोकना पड़ा है.

माओवादियों ने रेलवे स्टेशन तथा आस-पास के इलाकों में बिजली के तार को काट दिया, जिससे पूरी तरह से अंधेरा छा गया था.

भारी संख्या में सुरक्षाकर्मियों को घटनास्थल की ओर रवाना किया गया है और नक्सलियों की धर-पकड़ के लिए अभियान छेड़ दिया गया है.