गुरुवार, 10 अप्रैल, 2008 को 20:30 GMT तक के समाचार
अफ़ग़ानिस्तान के अधिकरियों का कहना है कि दक्षिणी अफ़ग़ानिस्तान के कंधार शहर में हुए एक आत्मघाती कार बम धमाके में कम से कम नौ लोग मारे गए हैं.
पुलिस के मुताबिक़ ये हमला नैटो गठबंधन सेना के काफ़िले को निशाना बनाकर किया गया था.
पुलिस का ये भी कहना है कि इस हमले में दो पुलिस अधिकारियों सहित कम से कम 22 लोग घायल हुए हैं.
ग़ौरतलब है कि कंधार में तालेबान चरमपंथी लंबे समय से अंतरराष्ट्रीय और अफ़गानिस्तानी सेना के साथ लड़ रहे हैं.
इस प्रांत में बड़ी तादाद में विदेशी सैनिकों की तैनाती की जाती रही है और कई बार विदेशी सैनिक चरमपंथियों के हमलों के शिकार होते रहे हैं.
गुरुवार को हुए इस हमले में निशाना तो सेना के एक वाहन को ही बनाया जाना था पर इसकी चपेट में अधिकतर वे लोग आए जो सड़क किनारे छोटे-मोटे कारोबार कर रहे हैं.
इनमें अधिकतर लोग लकड़ी का काम करनेवाले थे जो अपनी दुकानें सड़क के किनारे चलाते थे जहाँ यह धमाका हुए.
पिछले कुछ महीनों से तालेबान चरमपंथियों की ओर से हमलों में कुछ तेज़ी देखी जा रही है और अमरीकी नेतृत्ववाली सेना को इसके चलते बड़ी चुनौती मिल रही है.
पिछले दिनों नैटो के सदस्य देशों से अफ़ग़ानिस्तान में सैनिकों की तैनाती बढ़ाने का भी प्रस्ताव रखा गया जिसके बाद कुछ देशों ने अतिरिक्त सैन्य सहायता भेजने का वादा किया है.