http://www.bbcchindi.com

बुधवार, 09 अप्रैल, 2008 को 17:40 GMT तक के समाचार

भारत-पाक वार्ता 20 मई से फिर शुरू

भारत-पाकिस्तान के बीच बातचीत 20 मई से एक बार फिर शुरू होने जा रही है.

इसके तहत विदेश सचिव स्तर की बातचीत के बाद दोनों देशों के विदेश मंत्रियों की बातचीत होगी.

विदेश सचिव शिवशंकर मेनन चौथे दौर की समग्र वार्ता के लिए पाकिस्तान जाएंगे जहाँ उनकी बातचीत पाकिस्तान के विदेश सचिव मोहम्मद ख़ान के साथ होगी.

भारतीय विदेश मंत्रालय के अनुसार बातचीत में हुई प्रगति की समीक्षा के लिए अगले दिन विदेश मंत्री प्रणव मुखर्जी पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी से मुलाक़ात करेंगे.

ये बातचीत 2004 में शुरू हुई थी लेकिन पाकिस्तान में राजनीतिक अशांति के कारण ठप्प पड़ी हुई थी.

दोनों पक्षों ने पिछले साल अक्टूबर में समग्र बातचीत के तहत आठ मुद्दों पर बातचीत की थी.

पहल

आगामी बैठक में दोनों पक्ष चौथे दौर के तहत सभी आठ मुद्दों पर हुई प्रगति की समीक्षा करेंगे और पांचवें दौर की बातचीत का कार्यक्रम तय करेंगे.

ग़ौरतलब है कि पाकिस्तान के नए प्रधानमंत्री यूसुफ़ रज़ा गीलानी के पदभार संभालने के तुंरत बाद मनमोहन सिंह ने उन्हें टेलीफ़ोन कर बधाई दी थी और एक पत्र भेजा था.

भारतीय प्रधानमंत्री ने उम्मीद जताई थी कि प्रधानमंत्री गीलानी द्विपक्षीय संबंधों को और बेहतर बनाने के लिए पूर्व प्रधानमंत्रियों बेनजीर भुट्टो, नवाज शरीफ़ और राष्ट्रपति परवेज़ मुशर्रफ़ की पहल को और आगे बढ़ाएंगे.

मनमोहन सिंह का कहना था कि भारत एक स्थिर, समृद्ध और लोकतांत्रिक पाकिस्तान देखना चाहता है.

भारतीय प्रधानमंत्री ने शांति प्रक्रिया को तेज़ करने और द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने की बात कही थी.