शुक्रवार, 04 अप्रैल, 2008 को 11:17 GMT तक के समाचार
अफ़ग़ानिस्तान पुलिस के मुताबिक़ देश के दक्षिणी हेलमंद प्रांत में हुए एक आत्मघाती बम धमाके में तीन पुलिस अधिकारी मारे गए हैं और तीन अन्य लोग घायल हो गए हैं.
आत्मघाती हमलावर ने प्रांतीय राजधानी लश्कर गाह में खड़ी पुलिस के गाड़ी के पास अपने आप को उड़ा लिया.
दक्षिणी अफ़ग़ानिस्तान के इस इलाके में तालेबान का व्यापक प्रभाव माना जाता है. इसी वजह से हिंसा भी घटनाएं लगातार यहाँ से आती रहती हैं.
हज़ारों की तादाद में विदेशी सैनिक इस क्षेत्र में तालेबान चरमपंथियों के साथ संघर्ष कर रहे हैं.
नैटो सेना, ख़ासकर ब्रितानी सैनिकों और तालेबान लड़ाकों के बीच यहाँ चल रहे संघर्ष के चलते हज़ारों आम लोगों को हेलमंद छोड़कर जाना पड़ा है.
चिंताजनक स्थिति
ब्रितानी सेना और तालेबान चरमपंथियों के बीच लड़ाई देख रहा यह प्रांत देश का वो हिस्सा हैं जहाँ अफ़ीम की कुल उपज का आधा हिस्सा पैदा होता है.
नैटो के नेतृत्व में अफ़ग़ानिस्तान में काम कर रही अंतरराष्ट्रीय फ़ौज 'आईसैफ़' ने देश की
सुरक्षा मज़बूत करने के लिए 10 हज़ार अतिरिक्त सैनिकों की मांग की है.
हालांकि आईसैफ़ की तादाद में बढ़ोत्तरी पिछले कुछ महीनों के दौरान होती रही है. आईसैफ़ सैनिकों की संख्या पिछले 15 महीनों में 33 हज़ार से बढ़कर 47 हज़ार हो गई है.