अफ़ग़ान सरकार ने कहा है कि उसके पास सबूत है कि तालेबान के शासन के दौरान पाकिस्तान से परमाणु कचरा अफ़ग़ानिस्तान में फेंका गया था.
अफ़ग़ानिस्तान के संसदीय कार्य मंत्री फ़ारुक़ वारदाग ने बीबीसी को बताया कि ये कचरा कंधार और हेलमंद प्रांतों में दबाया गया है.
मंत्री का कहना है कि वे ये नहीं जानते कि कितनी मात्रा में कचरा फ़ेंका गया है या कब से कचरा फ़ेका जा रहा है.
पाकिस्तान ने कहा है कि वो इस पर प्रतिक्रिया तभी देगा जब अफ़ग़ानिस्तान उससे आधिकारिक तौर पर बात करेगा.
पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि जब तक अफ़ग़ानिस्तान सरकार आधिकारिक तौर पर इन आरोपों के बारे में बयान नहीं देती, वे कुछ नहीं कह सकते.
अफ़ग़ानिस्तान के मंत्री का कहना है कि इस मामले की जाँच पड़ताल के लिए सरकार एक आयोग बना रही है.
अफ़ग़ानिस्तान में 1996 से लेकर 2001 तक तालेबान का शासन रहा है.