http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 31 मार्च, 2008 को 07:13 GMT तक के समाचार

पुलिस और टिकैत समर्थकों में संघर्ष

उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री मायावती के ख़िलाफ़ कथित जाति सूचक टिप्पणी के आरोप में भारतीय किसान यूनियन के प्रमुख चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत की गिरफ़्तारी को लेकर हुए संघर्ष में छह लोग घायल हुए हैं.

इनमें दो पुलिसकर्मी भी शामिल हैं.

समाचार एजेंसी पीटीआई ने पुलिस के हवाले से कहा कि गिरफ़्तारी का विरोध कर रहे भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं की उग्र भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बल प्रयोग करना पड़ा जिसमें दो लोग घायल हुए हैं.

इसके अलावा पथराव के कारण चार और लोग घायल हो गए हैं जिनमें दो पुलिसवाले भी शामिल हैं.

पुलिस जहाँ महेंद्र सिंह टिकैत को गिरफ़्तार करना चाहती है, वहीं किसान इसका विरोध कर रहे हैं.

टिकैत के गाँव मुज़फ्फरनगर ज़िले के सिसोली गाँव में उनकी गिरफ़्तारी को लेकर पुलिस ने घेराबंदी की हुई है.

दरअसल, टिकैत पर आरोप है कि उन्होंने मुख्यमंत्री मायावती के ख़िलाफ़ बिजनौर की 'किसान स्वाभिमान सभा' में कथित जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया था.

उस वक्त तो प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की लेकिन बाद में उसे इस मामले की गंभीरता का अहसास हुआ और उसने उनके ख़िलाफ़ अनुसूचित जाति और जनजाति अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर दिया.

ये मामला राजनीतिक रंग भी पकड़ता जा रहा है. समाजवादी पार्टी टिकैत का समर्थन के समर्थन में आगे आ गई है.