रविवार, 30 मार्च, 2008 को 08:02 GMT तक के समाचार
नेपाल के दूसरे सबसे बड़े शहर बिराटनगर की एक मस्जिद में हुए बम धमाके में दो लोग मारे गए हैं और दो घायल हुए हैं.
ख़बरों के अनुसार मोटरसाइकिल पर सवार दो लोगों ने मस्जिद पर शनिवार को शाम की नमाज़ के वक़्त चार बम फेंके.
उनमें से तीन बम फट गए और जिससे चार लोग घायल हुए. घायलों में से दो लोगों ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया.
नेपाल के सरकार के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी माधव राज रेगमी ने समाचार एजेंसी एसोसिएटेड प्रेस को बताया कि दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे जिनकी मौत हो गई और अन्य की हालत गंभीर है.
ये धमाका नेपाल के प्रधानमंत्री गिरिजा प्रसाद कोइराला के गृह नगर बिराटनगर में हुआ है.
बिराटनगर नेपाल की राजधानी से काठमाँडू से लगभग चार सौ किलोमीटर दूर है.
ज़िम्मेदार
ख़ुद को ‘नेपाल सुरक्षा सेना’ कहने वाले एक कट्टरपंथी हिंदू गुट ने इस हमले की ज़िम्मेदारी ली है.
ये गुट नेपाल में एक साल से भी ज़्यादा समय से सक्रिय है और देश को फिर से हिंदू राष्ट्र घोषित किए जाने की मांग कर रहा है.
धमाके के बाद से ही पूरे इलाक़े में अनिश्चितकाल के लिए कर्फ़्यू लगा दिया गया है.
नेपाल की अधिकतर मुस्लिम आबादी इसी इलाक़े के आसपास रहती है.
नेपाल में वैसे तो इस तरह की घटनाएं नहीं होती हैं लेकिन पिछले कई महीनों में धार्मिक तनाव बढ़ा है.
ग़ौरतलब है कि वर्ष 2006 में जब राजशाही ख़त्म हुई थी तब तक नेपाल एक हिंदू राष्ट्र था और उसके बाद आई नई सरकार ने देश को एक धर्मनिरपेक्ष राष्ट्र घोषित किया था.