http://www.bbcchindi.com

रविवार, 30 मार्च, 2008 को 18:22 GMT तक के समाचार

तिब्बत पर चीन ने भारत से सहयोग माँगा

चीन के वरिष्ठ राजनयिक दाई बिंगुओ ने अपील की है कि भारत सरकार तिब्बत पर उनके देश की नीति का समर्थन करे और इस मसले पर समझदारी दिखाए.

हाल ही में तिब्बत में बौद्ध भिक्षुओं ने आक्रामक रवैया अपनाते हुए हिंसक विरोध प्रदर्शन किया था जिसे चीन ने दबा दिया.

दाई बिंगुओ ने तिब्बत के मुद्दे पर भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार एमके नारायणन के साथ टेलीफ़ोन पर चर्चा की.

चीन के विदेश मंत्रालय का कहना है कि भारत ने दोहराया है कि वो तिब्बत को चीन का हिस्सा मानता है.

भारत में तिब्बतियों के आध्यात्मिक गुरु दलाई लामा रहते हैं और कई जगहों पर तिब्बतियों के विरोध प्रदर्शन के बाद चीन के विदेश मंत्रालय ने वहाँ स्थित भारतीय राजदूत को रात के दो बजे तलब किया था.

चीन के इस व्यवहार की कई हलकों में आलोचना हुई जिसके बाद ताज़ा बातजीत हुई है.

दाई बिंगुओ सीमा विवाद पर भी चीन की ओर से वार्ताकार के तौर पर भारत के साथ बातचीत करते रहे हैं.

चीन के विदेश मंत्रालय के मुताबिक इस बातचीत में आपसी संबंधों पर भी चर्चा हुई.