http://www.bbcchindi.com

गुरुवार, 27 मार्च, 2008 को 02:12 GMT तक के समाचार

पाकिस्तान को जल्द बातचीत की उम्मीद

पाकिस्तान का कहना है कि भारत के साथ अगले दौर की बातचीत के लिए तारीख़ तय की जा रही है.

पाकिस्तान का यह वक्तव्य प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के उस बयान के बाद आया है जिसमें उन्होंने उम्मीद जताई थी कि पाकिस्तान के नए प्रधानमंत्री यूसुफ़ रज़ा गीलानी आपसी रिश्तों को और मजबूत बनाएंगे.

बुधवार को मनमोहन सिंह के बयान पर प्रतिक्रिया जताते हुए पाकिस्तानी विदेश विभाग के प्रवक्ता मोहम्मद सादिक़ ने कहा कि अगले दौर की बातचीत के लिए कोशिशें जारी हैं.

मोहम्मद सादिक़ ने कहा,'' हमने भारतीय प्रधानमंत्री का बयान देखा है और हम अगले दौर की बातचीत के लिए तारीख़ तय कर रहे हैं.''

गीलानी के पदभार संभालने के तुंरत बाद मनमोहन सिंह ने पाकिस्तान के नए प्रधानमंत्री को टेलीफ़ोन कर बधाई दी थी और एक पत्र भेजा था.

उन्होंने उम्मीद जताई थी कि दोनों देश लंबित मुद्दों के सर्वसम्मत हल की दिशा में तेजी से काम करेंगे.

भारतीय प्रधानमंत्री ने उम्मीद जताई थी कि प्रधानमंत्री गीलानी द्विपक्षीय संबंधों को और बेहतर बनाने के लिए पूर्व प्रधानमंत्रियों बेनजीर भुट्टो, नवाज शरीफ़ और राष्ट्रपति परवेज़ मुशर्रफ़ की पहल को और आगे बढ़ाएंगे.

मनमोहन सिंह का कहना था कि भारत एक स्थिर, समृद्ध और लोकतांत्रिक पाकिस्तान देखना चाहता है.

भारतीय प्रधानमंत्री ने शांति प्रक्रिया को तेज़ करने और द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने की बात कही थी.