बुधवार, 26 मार्च, 2008 को 22:38 GMT तक के समाचार
फ़ैसल मोहम्मद अली
बीबीसी संवाददाता, मध्यप्रदेश
मध्यप्रदेश के अशोकनगर ज़िले में बुधवार को एक मंदिर में दर्शन के दौरान हुई भगदड़ में कम से कम छह लोगों की मौत हो गई है.
राज्य के पुलिस महानिरीक्षक डीएस संगर ने बीबीसी को बताया कि बुधवार को करीला मेले के दौरान हुई भगदड़ में क़रीब 11 लोग घायल हो गए थे जिनमें से बाद में छह लोगों की मौत हो गई.
इस क्षेत्र के प्रसिद्ध करीला मेला के दौरान बड़ी तादाद में लोग जानकी और लवकुश के मंदिर में दर्शन करने के लिए जमा होते हैं.
बुधवार को राज्यभर में रंगपंचमी का पर्व मनाया जा रहा था और इसी मौके पर लोग एक टीले पर बने मंदिर में दर्शन करने के लिए इकट्ठा हुए थे.
कभी गुना ज़िले का हिस्सा रहे और अब अशोकनगर के नाम से जाना जाने वाला यह ज़िला राज्य की राजधानी भोपाल से क़रीब 269 किलोमीटर के फासले पर है.
जानकारी के मुताबिक हादसा तब हुए जब बुधवार को श्रद्धालु सीढ़ियाँ चढ़कर इस मंदिर में दर्शन करने जा रहे थे.
इसी दौरान कतार में लगे कुछ लोग सीढ़ियों की रेलिंग की दूसरी ओर से ऊपर जाने की कोशिश करने लगे.
इसी कवायद में भीड़ का नियंत्रण चला गया और कई लोग भगदड़ की चपेट में आ गए.
ज़िले की कलेक्टर गीता मिश्रा के मुताबिक इस हादसे में दर्जन भर लोग घायल हो गए थे. बाद में पुलिस अधिकारियों की ओर से छह लोगों के मारे जाने की पुष्टि की गई.