सोमवार, 24 मार्च, 2008 को 16:42 GMT तक के समाचार
पाकिस्तान के नए प्रधानमंत्री यूसुफ़ रज़ा गीलानी के ताज़ा बयानों के कुछ देर बाद ही देश के पूर्व मुख्य न्यायाधीश इफ़्तिख़ार चौधरी पहली बार सार्वजनिक तौर पर बाहर दिखाए दिए हैं.
यूसुफ़ रज़ा गीलानी ने संसद में सोमवार को कहा था कि राष्ट्रपति परवेज़ मुशरर्फ़ के आदेश पर आपातकाल के दौरान जिन जजों को हिरासत में लिया गया था वे उन्हें रिहा करने का आदेश देंगे.
नए प्रधानमंत्री गीलानी की घोषणा के बाद सोमवार को न्यायाधीश चौधरी के घर के बाहर लगी कटीली तार हटा दी गई.
ख़ुशी से दमकते इफ़्तिख़ार चौधरी जब अपने घर की बालकनी पर आए तो घर के बाहर खड़े सैकड़ों समर्थकों ने उनका स्वागत किया.
उन्होंने लाउडस्पीकर पर लोगों को संबोधित करते हुए कहा, "मैं पूरे देश का शुक्रिया अदा करता हूँ जिसने पिछले पाँच महीनों से संघर्ष किया है."
उनका कहना था," मेरे पास शब्द नहीं है ये बताने के लिए कि मैं आप लोगों का कितना शुक्रगुज़ार हूँ."
नवंबर में परवेज़ मुशर्रफ़ ने कई जजों को हिरासत में लेने का आदेश दिया था. उन्होंने इफ़्तिख़ार चौधरी समेत कई जजों को आपातकाल के तहत बर्ख़ास्त कर दिया था.
इमरजेंसी लागू होते ही राष्ट्रपति जनरल परवेज़ मुशर्रफ़ ने मुख्य न्यायाधीश पद की ज़िम्मेदारी जस्टिस अब्दुल हमीद डोगर को सौंप दी थी.
सरकारी मीडिया ने एक वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी के हवाले से कहा है कि बर्ख़ास्त किए गए सब जजों को घूमने-फिरने की आज़ादी है.
इससे पहले सोमवार को संसद ने यूसुफ़ रज़ा गिलानी को देश का नया प्रधानमंत्री चुना. उन्हें कुल 242 वोट मिले.