शनिवार, 22 मार्च, 2008 को 09:09 GMT तक के समाचार
पूर्व ब्रितानी प्रधानमंत्री टोनी ब्लेयर ने कांग्रेस के महासचिव राहुल गांधी से मुलाक़ात के बाद उनकी ख़ासी प्रशंसा की है और कहा है कि दुनिया के युवा नेताओं में वे काफ़ी प्रतिभाशाली और काबिल नेता है.
समाचार एजेंसियों के अनुसार टोनी ब्लेयर ने कहा, "राहुल दुनिया के युवा राजनीतिक हस्तियों में से ख़ासे प्रतिभाशाली, काबिल और परख रखने वाले शख़्स हैं."
भारत के एक निजी टीवी चैनल को दिए साक्षात्कार में टोनी ब्लेयर ने कहा कि राहुल गांधी में एक अच्छा प्रधानमंत्री बनने की प्रतिभा मौजूद है.
पूर्व प्रधानमंत्री टोनी ब्लेयर ने ग्लोबल वार्मिंग पर हो रही एक चर्चा 'ब्रेकिंग द क्लाइमेट डेडलॉक' में शामिल होने के बाद दिल्ली में राहुल गांधी से मुलाक़ात की थी.
राहुल गांधी ने ब्लेयर से पार्टी में सुधार और बदलाव के बारे में चर्चा की. ब्लेयर ने उन्हें लेबर पार्टी में किए गए सुधारों के बारे में बताया.
ब्लेयर ने कहा, "राहुल में निर्भीक फ़ैसले लेने की क्षमता और सभी के हित में काम करने के गुण मौजूद हैं जो उन्हें एक अच्छा राजनीतिज्ञ बनाते हैं."
टोनी ब्लेयर का कहना था कि राहुल गाँधी ऐसे राजनीतिज्ञ हैं जो ज़रूरत के मुताबिक़ अपना क़दम पीछे खींच सकते हैं और लगता है ये एक बड़ी बात है क्योंकि इस तरह से वो कुछ पीछे हटकर आगे की चीज़ों को देख सकते हैं.