रविवार, 16 मार्च, 2008 को 04:53 GMT तक के समाचार
सुबीर भौमिक
बीबीसी पूर्वोत्तर राज्य संवाददाता
पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर में एक अलगाववादी गुट ने दावा किया है कि शनिवार को उसने एक सैन्य ठिकाने पर हमला करके छह भारतीय सैनिकों को मार दिया है.
मणिपुर के यूनाइटेड नेशनल लिबरेशन फ़्रंट (यूएनएलएफ़) का दावा कि उन्होंने बर्मा से लगी सीमा पर एक कैंप पर हमला करके इन सैनिकों को मारा है.
हालांकि सेना ने इस दावे को ग़लत बताते हुए कहा है कि कुछ सैनिकों को मामूली चोटें आई हैं और विद्रोहियों का हमला नाकाम कर दिया गया.
यूएनएलएफ़ के प्रवक्ता टोम्बी सिंह ने बीबीसी को फ़ोन पर जानकारी दी है कि बर्मा से लगी मणिपुर की सीमावर्ती मिनोउ स्थित एक कैंप पर यह हमला शनिवार को किया गया.
यह कैंप असम राइफ़ल्स के 24वीं बटालियन का कैंप है.
यूएनएलएफ़ का दावा है कि उन्होंने हमले के लिए मोर्टार और हल्की बंदूकों का उपयोग किया.
टोम्बी सिंह ने कहा, "असम राइफ़ल्स के सात में से दो क्वार्टरों में मोर्टार हमले के बाद आग लग गई. हमारे पास जानकारी है कि छह मृत सैनिकों को हेलिकॉप्टर से इम्फ़ाल ले जाया गया है."
शनिवार की सुबह किए इस हमले में यूएनएलएफ़ के सौ से अधिक लड़ाके शामिल थे.
लेकिन सेना के प्रवक्ता राजीव मिश्रा ने हमले की बात तो स्वीकार की है लेकिन कहा है कि हमले में कुछ सैनिकों को मामूली चोट आई है.
उन्होंने कहा, "हमले को सफलतापूर्वक नाकाम कर दिया गया."
हालांकि मणिपुर पुलिस ने कहा है कि इस हमले में एक सैनिक मारा गया और सात अन्य घायल हुए हैं.