शुक्रवार, 14 मार्च, 2008 को 20:25 GMT तक के समाचार
ब्रितानी लड़की स्कारलेट कीलिंग की हत्या के मामले में उसकी माँ को गोवा पुलिस के सामने पेश होने के लिए कहा गया है.
स्कारलेट कीलिंग की माँ फ़ियोना मैक्कियोवन के वकील विक्रम वर्मा ने बताया कि पुलिस ने उन्हें अपनी बेटी को अकेले और सुरक्षित स्थान पर न छोड़ने के कारण पूछताछ के लिए बुलाया है.
लेकिन पुलिस का कहना है कि जाँच में मदद के लिए उन्हें बुलाया गया है.
गोवा पुलिस का कहना है कि स्कारलेट कीलिंग को पहले नशे में किया गया, उसके बाद बलात्कार कर हत्या कर दी गई थी.
बीबीसी संवाददाता का कहना है कि पुलिस और फ़ियोना मैक्कियोवन के वकील के दो अलग अलग तरह के विवरण सामने आ रहे हैं.
संवाददाता का कहना है कि फ़ियोना मैक्कियोवन को शनिवार को गोवा पुलिस के सामने पेश होने के लिए कहा गया है.
उनके वकील विक्रम वर्मा का कहना था कि जब फ़ियोना मैक्कियोवन को सम्मन सौंपा गया तो उनके आसूँ आ गए.
फ़ियोना को डर है कि गोवा पुलिस बेटी के मामले को जोरशोर से उठाने के कारण उन्हें परेशान कर सकती है.
विक्रम वर्मा ने बताया कि फ़ियोना को गोवा के बाल क़ानून के तहत सम्मन सौंपा गया है जिसमें बच्चों को सुरक्षा का ध्यान न रखने के अपराध में सज़ा की व्यवस्था है.
दूसरी ओर गोवा पुलिस का कहना है कि वो फ़ियोना मैक्कियोवन को परेशान नहीं कर रही है और उनकी जाँच में मदद चाहती है.
उल्लेखनीय है कि फ़ियोना मैक्कियोवन स्कारलेट कीलिंग को गोवा में एक 25 वर्षीय टूरिस्ट गाइड की देखरेख में छोड़ दिया था और ख़ुद बाक़ी बच्चों के साथ कर्नाटक घूमने चली गई थीं.
मामला
स्कारलेट कीलिंग का शव 18 फ़रवरी को गोवा के लोकप्रिय अंजुना तट पर मिला था.
शुरुआत में पुलिस ने कहा था कि स्कारलेट कीलिंग की मौत अत्यधिक नशे और डूबने के कारण हुई.
फ़ियोना मैक्कियोवन ने इस मामले को जोरशोर से उठाया. उनका शुरू से ही कहना था कि उनकी बेटी की हत्या की गई है.
इसके बाद पुलिस ने दोबारा पोस्टमार्टम करवाया और उसके बाद कहा कि स्कारलेट को पहले नशा दिया गया और फिर उसका बलात्कार कर हत्या की गई थी.
गोवा पुलिस ने इस मामले में कुछ लोगों को गिरफ़्तार कर मामले को सुलझाने का दावा किया है.
लेकिन फ़ियोना मैक्कियोवन पुलिस कार्रवाई से संतुष्ट नहीं हैं.
उन्होंने इस मामले की सीबीआई से जाँच कराने का अनुरोध किया था लेकिन सरकार ने इस ठुकरा दिया.