गुरुवार, 13 मार्च, 2008 को 19:01 GMT तक के समाचार
भारतीय हवाई अड्डा प्राधिकरण के हड़ताली कर्मचारियों ने गुरुवार शाम नागरिक उड्ड्यन मंत्री प्रफुल्ल पटेल के आश्वासन के बाद अपना आंदोलन वापस ले लिया.
आंदोलनकारी कर्मचारी नेताओं ने बताया केंद्रीय उड्डयन मंत्री प्रफुल्ल पटेल ने आश्वासन दिया है कि 35 शहरों के हवाई अड्डों के आधुनिकीकरण के दौरान भारतीय विमान प्राधिकरण को उसमें शामिल किया जाएगा.
कर्मचारियों नेता एमके घोषाल ने प्रफुल्ल पटेल से मुलाक़ात के बाद आंदोलन वापस लेने की घोषणा की.
गौरतलब है कि लगभग 14 हज़ार कर्मचारी मंगलवार अर्धरात्रि से ही आंदोलन पर थे.
हालाँकि इस हड़ताल से विमान सेवाओं के संचालन पर कोई असर नहीं पड़ा था लेकिन कुछ सेवाएँ प्रभावित हुई थी.
हड़ताली कर्मचारी बंगलौर और हैदराबाद में निजी हवाईअड्डों के तैयार होने के बाद वर्तमान हवाईअड्डों को बंद किए जाने के फ़ैसले का विरोध कर रहे हैं और इसे वापस लेने की माँग कर रहे थे.
बातचीत के बाद उड्डयन मंत्री प्रफुल्ल पटेल ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि बंगलौर और हैदराबाद के हवाई अड्डे बंद नहीं किए जाएंगे और उन्हें इस्तेमाल किया जाता रहेगा.
हड़ताल पर अदालती रोक के मद्देनज़र कर्मचारी यूनियनों ने इसे हड़ताल के बजाय 'असहयोग' का नाम दिया था.
दूसरी ओर सरकार ने हड़ताल के मद्देनज़र ज़रूरी सेवाओं संबंधी क़ानून (एस्मा) लागू कर दिया था.
देश के 127 हवाईअड्डे प्राधिकरण के अधीन हैं और कर्मचारियों की हड़ताल से इन हवाईअड्डों पर आंशिक रूप से कामकाज प्रभावित हो रहा था.