http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 10 मार्च, 2008 को 05:21 GMT तक के समाचार

पूर्वी श्रीलंका:10 साल बाद स्थानीय चुनाव

पूर्वी श्रीलंका के कुछ इलाक़ों में पिछले दस साल में पहली बार स्थानीय निकायों के चुनाव में मतदान हो रहा है. श्रीलंका के उस इलाक़े में अलगाववादियों और सरकार के बीच संघर्ष के कारण हिंसा होती रही है.

पिछले साल श्रीलंका की सेना ने उस इलाक़े से तमिल विद्रोहियों को भगाकर अपना नियंत्रण कायम कर लिया था.

सरकार का कहना है कि ये चुनाव इसलिए अहम हैं क्योंकि तमिल विद्रोहियों के कब्ज़े से बाहर आने के बाद वहाँ पर क़ानून-व्यवस्था का कायम रहना इन चुनावों पर निर्भर करता है.

लेकिन पूर्वी श्रीलंका का मुख्य विपक्षी दल इन चुनावों का बहिष्कार कर रहा है.

हज़ारों पुलिसकर्मी और सैनिक मतदान केंद्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में जुटे हुए हैं और बट्टिकलोवा शहर में और उसके आसपास के मतदान केंद्रों में मतदान में भाग लेने आए लोगों की तलाशी ली जा रही है.

उधर श्रीलंका की राजधानी कोलंबो में सड़क के किनारे हुए एक बम धमाके में एक व्यक्ति मारा गया है और चार अन्य घायल हो गए हैं.