रविवार, 09 मार्च, 2008 को 13:39 GMT तक के समाचार
भारत में गोवा के तट पर मृत पाई गई ब्रितानी लड़की स्कारलेट कीलिंग के दूसरे पोस्मॉर्टम के मुताबिक उनकी हत्या की गई थी.
इस नए खुलासे के बाद गोवा की पुलिस नए सिरे से जाँच-पड़ताल में जुट गई है.
पुलिस ने इस मामले में पूछताछ के लिए चार लोगों को हिरासत में भी लिया है.
दूसरी बार पोस्टमॉर्टम के दौरान डॉक्टरों को स्कारलेट के जिस्म पर तकरीबन 50 चोट और खरोंच के निशान मिले हैं.
ताज़ा जांच के बाद ऐसा माना जा रहा है कि हत्या के पहले स्कारलेट के साथ बलात्कार भी किया गया था.
ब्रिटेन के डेवोन की 15 साल की स्कारलेट अपनी मां और चार भाई-बहनों के साथ पिछले साल नवंबर में छह महीनों के लिए गोवा घूमने आई थी.
लेकिन, 18 फ़रवरी को उसकी लाश गोवा के अंजुना समुद्र तट पर अर्धनग्न हालत में पाई गई थी.
गोवा की पुलिस ने पहली पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में स्कारलेट की मौत की वजह नशे की हालत में उसका समुद्र के पानी में डूब जाना बताया था.
लेकिन, स्कारलेट की माँ फ़ियोना मैक्किओन इसे मानने को तैयार नहीं थीं. उन्होंने लगातार दबाव बनाया हुआ था कि स्कारलेट की मौत के कारणों की दोबारा जांच की जानी चाहिए.
पोस्टमॉर्टम
नए खुलासे के बाद स्कारलेट की मां का कहना है कि इस खबर से उन्हें काफ़ी उम्मीद बंधी है.
फ़ियोना का कहना है, "जिसने भी मेरी बेटी की हत्या की है. मैं चाहती हूँ कि उसे सख्त से सख्त सज़ा दी जानी चाहिए. मासूम लड़कियों का यौन शोषण और उनकी हत्या करने वालों को कठोर सज़ा होनी चाहिए."
स्कारलेट का परिवार अब एक ब्रितानी नागरिक से गुज़ारिश कर रहा है कि वो स्कारलेट के मामले में इंसाफ़ दिलाने में उनकी मदद करे.
माना जा रहा है ये ब्रितानी नागरिक स्कारलेट से हुई बदसलूका का चश्मदीद गवाह है. लेकिन अभी काफ़ी दिनों से गायब है.
स्कारलेट की मां का आरोप था कि गोवा की पुलिस सच को छिपाने की कोशिश कर रही है.
गोवा पुलिस लगातार दावा कर रही थी कि ज़्यादा शराब पीकर स्कारलेट समुद्र में चली गई जहां डूबकर उसकी मौत हो गई.
लेकिन, स्कारलेट की मां फ़ियोना ने उस वक्त अपनी बेटी की लाश की तस्वीरें ले ली थीं. वो इन तस्वीरों में चोट के निशानों को दिखा कर मामले की दोबारा जांच की मांग कर रही थीं.
पुलिस ने अपनी पहली पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में स्कारलेट के शरीर पर सिर्फ़ पांच चोट के निशान बताए थे.
जिस वक्त गोवा के तट पर स्कारलेट की लाश पाई गई थी उस वक्त फ़ियोना अपने बाकी के परिवार के साथ कर्नाटक जा रही थीं.
आखिरी बार स्कारलेट को तट पर बने एक बार पर ज़िंदा देखा गया था. इसके दो घंटे बाद उसकी लाश अंजुना तट पर पाई गई थी.
ब्रिटेन के उच्चायोग के मुताबिक पिछले एक साल में गोवा में संदिग्ध हालत में चार ब्रितानी नागरिकों की मौत हो चुकी है.