http://www.bbcchindi.com

रविवार, 09 मार्च, 2008 को 19:39 GMT तक के समाचार

गोवाः पर्यटक हत्या मामले में गिरफ़्तारी

भारत में गोवा के तट पर मृत पाई गई ब्रितानी लड़की स्कारलेट कीलिंग की दूसरी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के साथ ही पुलिस को अब हत्या का मामला पुख़्ता होता नज़र आने लगा है.

दूसरी पोस्मॉर्टम रिपोर्ट के मुताबिक स्कारलेट की हत्या की गई थी और यह जानकारी आने के कुछ देर बाद ही रविवार को पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में ले लिया है.

पुलिस इस 28 वर्षीय व्यक्ति, सैमसन डिसूज़ा को सोमवार को अदालत में पेश करेगी और अदालत से उसे पुलिस हिरासत पर भेजने का अनुरोध करेगी ताकि संदिग्ध व्यक्ति से और पूछताछ की जा सके.

पुलिस ने इस मामले में हत्या की एक प्राथमिकी दर्ज करके जाँच का काम शुरू कर दिया है.

भारत के गोवा में आई हुई स्कारलेट का शव 18 फ़रवरी को गोवा के अंजुना समुद्र तट पर अर्धनग्न हालत में मिला था.

शुरुआती जाँच और पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने इस मामले में कहा था कि स्कारलेट की मौत ज़्यादा नशे की हालत में समुद्र में डूब जाने के कारण हुई.

पुलिस की भूमिका

पर स्कारलेट की माँ पुलिस के इस तर्क से सहमत नहीं थीं. उन्होंने पुलिस की रिपोर्ट को नाकाफ़ी बताया, अपनी लड़की की हत्या की आशंका जाहिर की.

स्कारलेट का दोबारा पोस्टमार्टम होने के बाद जब रविवार को यह नई बात सामने आई कि स्कारलेट की हत्या की गई थी, उसके बाद गोवा की पुलिस नए सिरे से जाँच-पड़ताल में जुट गई है.

पुलिस ने इस मामले में पूछताछ के लिए चार लोगों को हिरासत में भी लिया. दूसरी बार पोस्टमॉर्टम के दौरान डॉक्टरों को स्कारलेट के जिस्म पर तकरीबन 50 चोट और खरोंच के निशान मिले.

ताज़ा जांच के बाद ऐसा माना जा रहा है कि हत्या के पहले स्कारलेट के साथ बलात्कार भी किया गया था.

ब्रिटेन के डेवोन की 15 साल की स्कारलेट अपनी मां और चार भाई-बहनों के साथ पिछले साल नवंबर में छह महीनों के लिए गोवा घूमने आई थी.

ब्रिटेन के उच्चायोग के मुताबिक पिछले एक साल में गोवा में संदिग्ध हालत में चार ब्रितानी नागरिकों की मौत हो चुकी है.