बुधवार, 05 मार्च, 2008 को 23:48 GMT तक के समाचार
कर्नाटक विधानसभा के आगामी चुनावों को देखते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एसएम कृष्णा ने महाराष्ट्र के राज्यपाल पद से इस्तीफ़ा दे दिया है.
तीन साल से अधिक समय तक राज्यपाल पद पर रहने के बाद एसएम कृष्णा ने राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल से मुलाक़ात की और गुरुवार को उन्हें अपना इस्तीफ़ा सौंप दिया.
उन्होंने ये क़दम अपनी पार्टी के निर्देश पर उठाया है. वो पिछले काफ़ी दिनों से ये पद छोड़ने के इच्छुक थे.
वो कर्नाटक के मुख्यमंत्री रह चुके हैं. हालांकि कांग्रेस ने राज्य में उनकी नई ज़िम्मेदारी के बारे में कुछ नहीं कहा है.
इसके पहले एसएम कृष्णा ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाक़ात की थी जिसके बाद उनकी वापसी की रास्ता साफ़ हुआ.
लेकिन उनकी वापसी को लेकर कांग्रेस में तीखी प्रतिक्रिया हुई है.
विरोधी गुट के नेता सीके जाफ़र शरीफ़ ने कहा कि पिछले विधानसभा चुनावों में एसएम कृष्णा के नेतृत्व में ही कांग्रेस की सीटें 170 से घटकर 65 रह गईं थीं.
उनसे पत्रकारों के पूछे जाने पर कि पार्टी चुनाव में उन्हें किस प्रकार नेतृत्व सौंप सकती है, जबकि पिछले चुनाव में पार्टी के ख़राब प्रदर्शन के लिए उन्हें दोषी माना जाता है, कृष्णा का कहना था कि आपको याद नहीं कि 1999 में उन्होंने ही पार्टी को जीत दिलाई थी.