http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 04 मार्च, 2008 को 16:19 GMT तक के समाचार

लाहौर में 'आत्मघाती हमला'

पाकिस्तान पुलिस का कहना है कि लाहौर में नौसेना के कॉलेज में हुए आत्मघाती हमले में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई है और 14 लोगों के घायल होने का अंदेशा है.

लाहौर के पुलिस प्रमुख मलिक मोहम्मद इकबाल ने बताया कि दो हमलावर मोटर साइकल पर सवार हो कर कॉलेज के पिछले दरवाजे से अंदर आए और अलग-अलग बम धमाके कर गए.

कई धमाके सुने गए लेकिन अधिकारियों का कहना है कि ये धमाके कार में लगे ईंधन के टैंक में हुए धमाकों की आवाज़ रही होगी.

पाकिस्तान में पिछले पाँच दिनों में यह चौथा आत्मघाती हमला है.

नेवल वार कॉलेज लाहौर के प्रमुख व्यापारिक केंद्र मॉल रोड के नज़दीक स्थित है.

संघर्ष जारी

उल्लेखनीय है कि पाकिस्तान के उत्तरी प्रांत में सेना और चरमपंथियों के बीच संघर्ष जारी है.

पाकिस्तानी सेना और पुलिस के जवानों पर चरमपंथियों के हमले बराबर होते रहे हैं.

पिछले चार दिनों में पाकिस्तान के पश्चिमोत्तर सीमा प्रांत में हुए आत्मघाती हमलों में 100 से ज़्यादा लोगों की मौत हो गई है.

दिसंबर 2007 में रावलपिंडी में हुए एक आत्मघाती बम धमाके में पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री बेनज़ीर भुट्टो की मौत हो गई थी.