http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 01 मार्च, 2008 को 12:34 GMT तक के समाचार

अमिताभ बच्चन के दफ़्तर पर हमला

मुंबई में अमिताभ बच्चन के दफ़्तर पर हमले की ख़बर है. शुक्रवार रात को जुहू स्थित एबीसीएल के दफ़्तर पर कुछ लोगों ने बोतल फेंके. पुलिस का कहना है कि उनके पास इस बारे में शिकायत की गई है और अधिकारी इसकी जाँच कर रहे हैं.

एबीसीएल का दफ़्तर जुहू में अमिताभ के घर जलसा के पीछे स्थित है. पुलिस आयुक्त विनायक चौबे ने बताया है कि कुछ लोगों ने अमिताभ के दफ़्तर पर बोतल फेंका है.

उन्होंने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया, "हमें एबीसीएल के दफ़्तर में बोतल फेंकने की ख़बर मिली है. हमने मामले की जाँच के लिए पुलिस अधिकारियों को भेजा है."

इस बीच अमिताभ बच्चन के क़रीबी मित्र और समाजवादी पार्टी के नेता अमर सिंह ने कहा है कि इस हमले के पीछे महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के प्रमुख राज ठाकरे का हाथ है.

बयानबाज़ी

पिछले महीने भी अमिताभ बच्चन के बंगले प्रतीक्षा पर अज्ञात लोगों ने बोतलें फेंकी थी. इस घटना के कुछ दिन पहले ही महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के प्रमुख राज ठाकरे ने उत्तर भारतीयों के ख़िलाफ़ मोर्चा खोला था और अमिताभ बच्चन पर भी सवाल उठाए थे.

राज ठाकरे ने कहा था कि अमिताभ बच्चन ने मुंबई के लिए काफ़ी कम काम किया है. उत्तर भारतीयों के ख़िलाफ़ उनकी टिप्पणी को लेकर काफ़ी विवाद हुआ था.

मुंबई में उत्तर भारतीय टैक्सी ड्राइवरों और खोमचेवालों को भी निशाना बनाया गया था. बाद में महाराष्ट्र सरकार ने राज ठाकरे की गिरफ़्तारी का आदेश दिया लेकिन राज ठाकरे को कुछ ही घंटे बाद ज़मानत भी मिल गई थी.

बाद में सुप्रीम कोर्ट ने उत्तर भारतीयों के ख़िलाफ़ बयानबाज़ी करने के लिए राज ठाकरे को फटकार लगाई थी.