गुरुवार, 28 फ़रवरी, 2008 को 02:12 GMT तक के समाचार
अमरीकी ख़ुफ़िया अधिकारियों का कहना है कि अफ़ग़ानिस्तान के दस फ़ीसदी हिस्से पर तालेबान का फिर से नियंत्रण हो गया है.
अमरीकी ख़ुफ़िया विभाग के निदेशक माइक मैक्कोनेल ने सीनेट की एक कमेटी को बताया है कि अफ़ग़ानिस्तान के ज़्यादातर इलाक़े स्थानीय कबायली नेताओं और फिर से सिर उठा रहे तालेबान के नियंत्रण में है.
सीनेटरों को बताया गया है कि तालेबान को अल क़ायदा से मदद मिल रही है जिसकी मदद से वे लगातार हमले कर रहे हैं.
माइक मैक्कोनेल ने बताया कि वर्ष 2001 में तालेबान शासन ख़त्म होने के बाद पिछले 12 महीने अफ़ग़ानिस्तान के लिए सबसे अधिक रक्तरंजित रहे हैं.
विदेश नीति के जानकार पहले से चेतावनी दे रहे हैं कि अफ़ग़ानिस्तान 'विफल राष्ट्र' के रूप में उभर रहा है.
पाकिस्तानी सेना की 'अक्षमता'
ख़ुफ़िया अधिकारियों का कहना है कि राष्ट्रपति हामिद करज़ई का नियंत्रण सिर्फ़ तीस प्रतिशत हिस्से पर है.
अमरीकी सैन्य ख़ुफ़िया एजेंसी के प्रमुख लेफ़्टिनेंट जनरल माइकल मैपल्स ने सीनेट कमेटी को बताया कि अभी भी पाकिस्तान से सटे इलाक़ों में कार्रवाई करना मुश्किल हो रहा है.
उनका कहना है कि सीमावर्ती इलाक़े में ही चरमपंथी प्रशिक्षण प्राप्त कर अफ़ग़ानिस्तान के अंदरूनी इलाक़ों में हमले करते हैं.
जनरल मैपल्स ने कहा कि जिस तरह की लड़ाई की ज़रुरत है उसमें पाकिस्तानी सेना प्रशिक्षित नहीं है.
उनका कहना है कि इन कमियों को दूर करने में तीन से पाँच साल तक का वक्त लग सकता है, तभी कोई अंतर दिखेगा.
कुछ दिनों पहले अमरीकी रक्षा मंत्री रॉबर्ट गेट्स ने आरोप लगाया था कि उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन (नैटो) के कुछ सदस्य देश अफ़ग़ानिस्तान में तालेबान के ख़िलाफ़ जारी संघर्ष में ढीले पड़ रहे हैं.