http://www.bbcchindi.com

गुरुवार, 28 फ़रवरी, 2008 को 11:52 GMT तक के समाचार

सोमनाथ ने लगाई सांसदों को फटकार

लोकसभा अध्यक्ष सोमनाथ चटर्जी ने गुरुवार को लोकसभा में हंगामे को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा है, "आप लोकतंत्र को ख़त्म करने के लिए ओवर-टाइम काम कर रहे हैं."

गुरुवार को लगातार तीसरे दिन देश में किसानों की हालत पर संसद के दोनों सदनों में हंगामा हुआ और दोनों सदनों की कार्यवाही को स्थगित करना पड़ा है.

राष्ट्रीय लोकतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) और यूनाइटेड नेशनल प्रोग्रेसिव एलायंस (यूनपीए) यानी तीसरे मोर्चे के सदस्यों ने किसानों को न्याय दिए जाने का मुद्दा संसद में उठाया.

वे किसानों का कर्ज़ माफ़ किए जाने और उन्हें आर्थिक पैकेज दिए जाने की माँग कर रहे थे और नारे लगा रहे थे.

लोकसभा की कार्यवाही के दौरान वित्त मंत्री को आर्थिक सर्वेक्षण प्रस्तुत करने दिया गया लेकिन बाक़ी समय हंगामा ही होता रहा.

समाजवादी पार्टी, तेलुगुदेशम, शिवसेना और भारतीय जनता पार्टी के सदस्य स्पीकर की कुर्सी की ओर पहुँचे और नारे लगाने लगे.

लोकसभा अध्यक्ष सोमनाथ चटर्जी विपक्ष के रवैए से ख़ासे नाराज़ दिखे.

समाचार एजेंसियों के अनुसार सोमनाथ चटर्जी ने पहले दोपहर 12 बजे तक कार्यवाही स्थगित करते समय कहा, "आप लोकतंत्र को ख़त्म करने के लिए ओवर-टाइम काम कर रहे हैं. ये बड़ी दुर्भाग्यपूर्ण बात है. बड़े दुख और रोष के साथ मुझे कार्यवाही स्थगित करने पर मजबूर होना पड़ रहा है."

फिर उन्हें बाक़ी के दिन की कार्यवाही को भी स्थगित करना पड़ा.

राज्यसभा में भी हंगामा

राज्यसभा में भी एनडीए और तीसरे मोर्चे के सदस्यों ने सदन में इसी मसले पर हंगामा किया.

सभापति हामिद अंसारी के मना करने के बावजूद भी सदस्यों ने कर्ज़ माफ़ी और किसानों के लिए पैकेज के पक्ष में नारे लगाने बंद नहीं किए.

फिर सभापति ने राज्यसभा की कार्यवाही पहले बारह बजे तक के लिए स्थगित की और फिर बाक़ी के दिन के लिए भी उसे स्थगित कर दिया गया.