http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 26 फ़रवरी, 2008 को 14:25 GMT तक के समाचार

भारत की समुद्री मिसाइल का परीक्षण

भारत ने अपनी ऐसी पहली मिसाइल का परीक्षण किया है जो समुद्र में से दागी जा सकती है और जो परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम है.

सबमरीन लाँच्ड बैलिस्टिक मिसाइल (एसएलबीएम) सागरिका को मंगलवार को विशाखापत्तनम के तटीय क्षेत्र से छोड़ा गया.

यह मिसाइल 700 किलोमीटर की दूरी तक मार कर सकती है.

इस तरह की मिसाइलें अभी तक सिर्फ़ चार देशों - अमरीका, रूस, चीन और फ्रांस के ही पास थी. यह बैलिस्टिक मिसाइल है जिसे पानी के भीतर चल रही पनडुब्बी से आसमान की तरफ़ दागा जा सकता है.

भारत के रक्षा शोध और विकास संस्थान यानी डीआरडीओ के सूत्रों ने कहा, "यह परीक्षण कामयाब रहा." यह परीक्षण दोपहर बाद क़रीब एक बजे किया गया.

इस मिसाइल का यह पहला पूर्ण परीक्षण था और इससे पहले इसके तीन से चार अभ्यास परीक्षण किए गए थे.

इस मिसाइल के परीक्षण के साथ ही भारत ने आकाश, सतह और समुद्री सतह के बाद अब पानी के भीतर से भी मिसाइल दागने की क्षमता हासिल कर ली है.

भारत के पास मिराज और जगुआर विमानों के ज़रिए परमाणु हथियार गिराने की क्षमता पहले से ही मौजूद है.

सतह से सतह तक मार करने वाली पृथ्वी मिसाइल है. मध्य और लंबी दूरी तक मार करने वाली अग्नि मिसाइल के एक, दो और तीन संस्करणों का परीक्षण किया जा चुका है.