सोमवार, 25 फ़रवरी, 2008 को 06:37 GMT तक के समाचार
भारत में सरकारी बैंक कर्मियों की दो दिन की हड़ताल वापस ले ली गई है. कर्मचारियों की माँगों पर ध्यान देने के आश्वासन के बाद ये फ़ैसला हुआ है.
बैंक कर्मचारी वेतन भत्तों से संबंधित माँगों के अलावा सरकारी बैंकों के आपस में प्रस्तावित विलय का विरोध कर रहे हैं.
इंडियन बैंक एसोसिएशन (आईबीए) के अध्यक्ष एमबीएन राव ने कहा कि बैंक कर्मचारियों के संगठन ‘यूनाइटेड फ़ोरम ऑफ़ बैंक यूनियंस’ के साथ बातचीत करने पर सहमति बन गई है.
राव ने कहा, "सोमवार को दोनों पक्षों के बीच बातचीत के लिए एक औपचारिक समझौते पर हस्ताक्षर हो जाएंगे."
उन्होंने कहा कि इस वजह से यूनियन सोमवार और मंगलवार को हड़ताल न करने पर राजी हो गई हैं.
राव ने कहा कि बातचीत की विस्तृत रूपरेखा तीन मार्च को तय की जाएगी.
बैंक कर्मचारियों की माँग है कि नए सिरे से वेतन निर्धारण किया जाए और कर्मचारियों को पेंशन योजना और अनुकंपा नियुक्ति का भी विकल्प मिले.
इससे पहले मुख्य श्रम आयुक्त एसके मुखोपाध्याय ने शुक्रवार को और आईबीए ने शनिवार को इस बारे में बैठक की थीं जो विफ़ल हो गई थीं.