शनिवार, 23 फ़रवरी, 2008 को 02:33 GMT तक के समाचार
प्रधानमंत्री का नाम तय करने के लिए पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) की बैठक में अभी अंतिम फ़ैसला नहीं लिया गया है.
दावेदारों में मख़दूम अमीन फ़हीम सबसे आगे चल रहे हैं.
प्रधानमंत्री का नाम तय करने में देर क्यों हो रही है इस बारे में पीपीपी नेता मख़दूम जमील ने कहा, "मख़दूम अमीन फ़हीम का नाम प्रधानमंत्री पद के लिए लिया जा रहा है लेकिन इसकी घोषणा पार्टी नेता आसिफ़ अली ज़रदारी करेंगे.देर इसलिए हो रही है कि हम चाह रहे हैं कि चारों सूबों में हमारी हुकूमत बन जाए, जितनी भी सहयोगी पार्टियाँ हैं उनसे हर छोटी-बड़ी बात करने के बाद एक ही दिन सब तय किया जाएगा ताकि अगले पाँच साल कोई गड़बड़ न हो "
प्रधानमंत्री चुनने के लिए पीपीपी के सह अध्यक्ष आसिफ़ अली ज़रदारी की अगुआई में शुक्रवार को देर रात तक बैठक चली लेकिन कोई निर्णय नहीं लिया जा सका.
ज़रदारी ख़ुद प्रधानमंत्री नहीं बनने की घोषणा पहले ही कर चुके हैं.
उल्लेखनीय है कि नेशनल असेंबली के लिए हुए चुनाव में सबसे ज़्यादा सीटें हासिल करने वाली पीपीपी और पाकिस्तान मुस्लिम लीग (नवाज़) ने साझा सरकार बनाने का फ़ैसला किया है.
उधर राष्ट्रपति परवेज़ मुशर्रफ़ का समर्थन करती आई पाकिस्तान मुस्लिम लीग -क्यू ने विपक्ष में बैठने का फ़ैसला किया है.
नया पेंच
बीबीसी संवाददाता के मुताबिक पाकिस्तान में चुनावी नतीजे तो आ चुके हैं लेकिन ये अनाधिकारिक हैं.
पाकिस्तान सरकार ने अभी तक चुनावी नतीजों की अधिसूचना जारी नहीं की है और ऐसा कब तक होगा ये भी तय नहीं है.
चुनावों में दूसरी सबसे बड़ी पार्टी के रुप में उभरी पीएमल (एन) के नेता नवाज़ शरीफ़ कह चुके हैं जनादेश राष्ट्रपति परवेज़ मुशर्रफ़ के ख़िलाफ़ है और उन्हें इस्तीफ़ा दे देना चाहिए.
हालाँकि परवेज़ मुशर्रफ़ के प्रवक्ता मेजर जनरल राशिक कुरैशी ने बीबीसी से कहा कि पीएमल (एन) को छोड़ कर किसी और पार्टी ने ये नहीं कहा है कि वो राष्ट्रपति के साथ काम नहीं करेंगे.