भारत सरकार ने 18 फरवरी को पाकिस्तान में हुए चुनावों की सराहना करते हुए उम्मीद जताई है कि जल्द ही दोनों देशों के बीच बातचीत का दौर दोबारा शुरू होगा.
भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता नवतेज सरना ने बयान जारी कर कहा, "दोनों देश हिंसा और आतंक से मुक्त वातावरण में एक बार फिर बातचीत शुरू करेंगे और उम्मीद है कि इससे सभी प्रमुख मसलों को हल करने में मदद मिलेगी."
नवतेज सरना ने उम्मीद जताई है कि जल्द ही पाकिस्तान में चुनी हुई सरकार सत्ता संभालेगी और दोनों मुल्कों की समग्र वार्ता एक बार फिर बहाल हो सकेगी.
विदेश मंत्रालय से जारी बयान में कहा गया है कि चुनाव पाकिस्तान का आंतरिक मसला है, इसलिए वहाँ किसकी सरकार बनेगी इसके बारे में कुछ भी कहना सही नहीं होगा.
बयान में आगे कहा गया है, "भारत चाहता है कि पाकिस्तान में एक स्थायी सरकार बने, जो लोकतांत्रिक तरीक़े से देश को विकास और समृद्धि के रास्ते पर लेकर चले."
गौरतलब है कि भारत और पाकिस्तान के बीच संयुक्त वार्ता का दौर जनवरी 2004 में शुरू हुआ था, लेकिन पिछले साल 3 नवंबर को राष्ट्रपति परवेज़ मुशर्रफ के इमरजेंसी लगाने के बाद बातचीत का ये दौर थम गया था.