http://www.bbcchindi.com

गुरुवार, 21 फ़रवरी, 2008 को 05:46 GMT तक के समाचार

तालेबान से बातचीत पर आलोचना

अफ़ग़ानिस्तान में कंधार प्रांत के गर्वनर ने तालेबान से बातचीत करने की कोशिश के लिए ब्रिटेन की आलोचना की है. कंधार तालेबान का गढ़ माना जाता है.

कंधार के गवर्नर असदुल्ला खालिद ने बीबीसी से बातचीत में कहा कि जिस तरह दो यूरोपीय विशेषज्ञों ने बातचीत की कोशिश की वो ग़लत था और इसीलिए उन्हें पिछले साल निष्कासित कर दिया गया.

इनके निष्कासन से ब्रिटेन और अफ़ग़ानिस्तान के राष्ट्रपति हामिद करज़ई के बीच रिश्ते और ख़राब हो गए थे.

इसके बाद करज़ई ने अफ़ग़ानिस्तान में संयुक्त राष्ट्र के प्रतिनिधि के तौर पर पैडी एश्डाउन की नियुक्ति को अस्वीकार कर दिया था.

अफ़ग़ानिस्तान मामले के जानकार माने जाने वाले दो विशेषज्ञों को उस समय निष्कासित किया गया जब पता चला कि वो ब्रिटेन के पक्ष में किसी तरह की सौदेबाजी के लिए तालेबान कमांडरों से बातचीत करने की कोशिश कर रहे हैं.

असदुल्ला खालिद ने कहा कि उन दोनों विशेषज्ञों का फ़ैसला ग़लत था.

उनका कहना है कि तालेबान से बातचीत के लिए किसी रास्ते पर पहुँचना महत्वपूर्ण है लेकिन ये सिर्फ़ अफ़ग़ान ही कर सकते हैं.

उन्होंने कहा, "हम सुलह शांति के लिए बातचीत कर रहे हैं, चरमपंथियों को और ताकत देने के लिए नहीं."