http://www.bbcchindi.com

रविवार, 10 फ़रवरी, 2008 को 06:04 GMT तक के समाचार

रामदत्त त्रिपाठी
बीबीसी संवाददाता, लखनऊ

'उत्तर प्रदेश में छह चरमपंथी गिरफ़्तार'

उत्तर प्रदेश पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ़) ने इस साल के शुरू में रामपुर में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ़) के शिविर पर हुए चरमपंथी हमले के मामले में छह लोगों को गिरफ़्तार किया है.

पुलिस के मुताबिक़ पहले एक व्यक्ति को रामपुर में गिरफ़्तार किया गया था.

बाद में उसी की सूचना पर रामपुर में ही दो और लोग गिरफ़्तार किए गए. उसके बाद तीन अन्य लोग लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन से गिरफ़्तार किए गए.

पुलिस का कहना है कि गिरफ़्तार सभी लोग लश्करे तैबा नाम के चरमपंथी संगठन से जुड़े हैं.

उत्तर प्रदेश के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक ब्रजलाल ने बताया कि गिरफ़्तार लोगों के पास से दो एके-47 राइफ़ल, पाँच हथगोले, एक पिस्तौल और कुछ कारतूस बरामद हुए हैं.

ग़ौरतलब है कि नववर्ष पर उत्तरप्रदेश के रामपुर ज़िले के सीआरपीएफ़ के शिविर पर चरमपंथी हमला हुआ था.

इस हमले में सात सुरक्षाकर्मियों सहित आठ लोग मारे गए थे और छह अन्य घायल हुए थे.

उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ वर्षों में उत्तर प्रदेश में चरमपंथी हमले बढ़ गए हैं.

वाराणसी, फ़ैज़ाबाद के बाद रामपुर जैसे शहरों को भी निशाना बनाया जाने लगा है.