http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 09 फ़रवरी, 2008 को 05:29 GMT तक के समाचार

सलमान रावी
बीबीसी संवाददाता, राँची

माओवादियों ने थाना उड़ाया, पुलिसवाले घिरे

झारखंड के गिरिडीह ज़िले के जंगलों में पुलिस और माओवादियों के बीच शुक्रवार से चल रही मुठभेड़ में चार पुलिसकर्मी मारे गए हैं और लगभग सौ पुलिसकर्मियों को माओवादियों ने घेर रखा है.

इसी के साथ शनिवार तड़के माओवादियों ने गिरिडीह रांची राजमार्ग पर स्थित परितांड थाने में विस्फोट किए हैं जिसमें कई पुलिसवाले घायल हो गए हैं.

पुलिस प्रवक्ता राजकुमार मलिक का कहना है, "शुक्रवार से चल रही मुठभेड़ में एक माओवादी मारा गया है जबकि पुलिस ने दो माओवादियों को पकड़ लिया है. लगभग सौ पुलिसकर्मी अब भी जंगल में फँसे हुए हैं." लेकिन माओवादियों ने इस बात से इनकार किया है कि उनका कोई सदस्य मारा गया है.

पुलिस के अनुसार मुठभेड़ में घायल हुए पुलिसकर्मियों में एक थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडे और सब-इंस्पेक्टर जेपी मेहतो शामिल हैं जिन्हें कई गोलियाँ लगी हैं.

घिर गई पुलिस टुकड़ियाँ

पारसनाथ पहाड़ी के जंगली इलाक़े में जैन धर्म के कई पवित्र स्थल है और पुलिस को जानकारी मिली थी वहाँ बड़ी संख्या में सीपीआई (माओवादी) संगठन के लोग मौजूद हैं.

सूत्रों के अनुसार दरअसल ये पुलिस को फंसाने का एक षड्यंत्र था.

जब शुक्रवार को पुलिस तीन टुकड़ियाँ जंगलों में दाख़िल हुईं तो उन्हें जंगल के भीतर घेर लिया गया. सूत्रों के मुताबिक दोनों पक्षों की ओर से भीषण गोलीबारी शुरु हो गई.

इस गोलीबारी में चार पुलिसकर्मी मारे गए और कुछ अन्य घायल हो गए.

लगभग सौ पुलिसकर्मी शनिवार सुबह तक जंगल में फंसे हुए थे और माओवादियों के हमले झेल रहे थे.

पुलिस के अतिरिक्त महानिदेशक राजीव कुमार ने बीबीसी को बताया, "हज़ारीबाग और धनबाद ज़िलों से अतिरिक्त पुलिस बल पारसनाथ पहाड़ी के इलाक़े की ओर रवाना किए जा रहे हैं. पश्चिम बंगाल और कुछ अन्य राज्यों से भी पुलिस बल मँगाए गए हैं."