http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 08 फ़रवरी, 2008 को 12:22 GMT तक के समाचार

'डॉक्टर हूँ, किडनी डीलर नहीं'

भारत में गुड़गांव गुर्दा चोरी कांड के मुख्य अभियुक्त अमित कुमार ने मीडिया से कहा है कि वे 'डॉक्टर हैं, किडनी डीलर नहीं और उन्होंने कोई अपराध नहीं किया' है.

डाक्टर अमित कुमार काठमांडू पुलिस की हिरासत में हैं.

इस कांड का पर्दाफ़ाश होने के बाद मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा, "मैने कोई अपराध नहीं किया है."

उनका कहना था, "मेरे ख़िलाफ़ जो भी आरोप थे, उनके बारे में न्यायालय मुझे निर्दोष करार दे चुका है. मै केवल डॉक्टर हूँ, किडनी डीलर नहीं. रिहा होने के बाद मैं सब कुछ स्पष्ट कर दूँगा."

किडनी कांड के मुख्य अभियुक्त से पूछताछ

अमित कुमार का कहना था, "मैं कहीं भाग नहीं रहा हूँ. मैं अपनी बात स्पष्ट कर रहा हूँ. मुझ पर झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं."

जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्हें अंडरवर्ल्ड से कोई ख़तरा है तो उन्होंने इससे साफ़ इनकार कर दिया.

काठमांडू में नेपाल पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी रमेश कुमार श्रेष्ठ ने मीडिया को बताया कि नेपाल में शुक्रवार और शनिवार को छुट्टी होने की वजह से अमित कुमार को रविवार को अदालत में पेश किया जाएगा.