रविवार, 03 फ़रवरी, 2008 को 05:56 GMT तक के समाचार
फ़ैसल मोहम्मद अली
बीबीसी संवाददाता, भोपाल
छत्तीसगढ़ के नारायणपुर ज़िले में नक्सलियों ने अर्धसैनिक बल के काफ़िले को निशाना बना कर बारुदी सुरंग विस्फोट किया है जिसमें चार जवान मारे गए.
पुलिस महानिरीक्षक आरके विज ने कहा है कि नक्सलियों ने ये हमला शनिवार शाम ब्रिस्बेडा नामक स्थान पर उस समय किया जब ये जवान मोटर साइकिल से जा रहे थे.
उन्होंने बताया कि ये जवान कुरुस्नार स्थित सीआरपीएफ़ कैंप से नारायणपुर आए थे और शाम में वापस जा रहे थे तभी शहर से क़रीब पांच किलोमीटर दूर ब्रिस्बेडा नामक जगह पर एक बारूदी सुरंग विस्फोट हुआ जिसमें एक सब इंस्पेक्टर सहित सभी चार जवानों की मौत हो गई.
छत्तीसगढ़ में नक्सली पहले भी सुरक्षा बलों को अपना निशाना बनाते रहे हैं.
पिछले साल दिसंबर महीने में नक्सलियों ने पुलिस थाने में और अर्ध सैनिक बलों की टुकड़ी पर हमला किया था. इस हमले में चार जवान मारे गए थे.
उससे पहले नवंबर में भी पुलिस बल नक्सली हमले का शिकार बने थे. दंतेवाड़ा ज़िले में पुलिस निशाना बना कर सुरंग में विस्फ़ोट किया
गया था जिसमें पुलिस के दस जवान मारे गए थे.