शनिवार, 02 फ़रवरी, 2008 को 08:13 GMT तक के समाचार
उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री मायावती ने सुल्तानपुर ज़िले के चार अधिकारियों के निलंबन को सही ठहराया है. उन्होंने कहा कि इन्होंने आचार संहिता का उल्लंघन किया है.
शनिवार को मायावती ने संवाददाता सम्मेलन में इन अधिकारियों के निलंबन को सही ठहराया.
उन्होंने कहा कि इन अधिकारियों ने लोकसेवकों के लिए बनी आचार संहिता का उल्लंघन किया है.
उन्होंने कहा कि इन आरोपों में कोई दम नहीं है कि कांग्रेस का गुणगान करने पर इन अधिकारियों को निलंबित किया गया है.
मायावती ने कहा, "मैं और मेरी सरकार राजीव गांधी और उनके परिवार का पूरा सम्मान करती हैं."
कार्रवाई पर सवाल
राज्यपाल टीवी राजेश्वर ने शुक्रवार को निलंबन की कार्रवाई पर प्रदेश सरकार से रिपोर्ट तलब की थी.
राज्यपाल ने सरकार से जानना चाहा है कि किन परिस्थितियों में इन अधिकारियों को निलंबित किया गया है.
कांग्रेस पार्टी ने भी राज्य सरकार की मंशा पर सवाल उठाए हैं.
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को प्रदेश सरकार ने एक पुस्तक में गांधी नेहरू परिवार तथा कांग्रेस का गुणगान करने के आरोप में उत्तर प्रदेश सरकार ने दो आईएएस अधिकारियों समेत चार अधिकारियों को निलंबित कर दिया था.
राज्य सरकार ने सुल्तानपुर 'कल, आज और कल' पुस्तक को एक ही राजनीतिक दल तथा गांधी नेहरू परिवार को महिमामंडित करने वाला तथा वर्तमान सरकार के योगदान को नकारने वाला माना है.
राज्य सरकार ने पुस्तक में सहयोग देने तथा संदेश देने पर फैजाबाद के मंडलायुक्त वेंकटेश्वर लू, सुलतानपुर के जिलाधिकारी संजय कुमार, तत्कालीन मुख्य विकास अधिकारी इष्टदेव प्रसाद तथा सहायक सूचना निदेशक प्रमोद कुमार सिंह को निलंबित कर दिया.