शनिवार, 02 फ़रवरी, 2008 को 20:23 GMT तक के समाचार
हरियाणा के करनाल में डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राह रहीम सिंह के काफिले पर हुए हमले के मामले में दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है.
ये घटना शनिवार को उस समय हुई जब राम रहीम सिंह अदालत से एक मामले की सुनवाई के बाद अपने काफिले के साथ वापस लौट रहे थे.
राम रहीम सिंह को इस हमले में कोई नुकसान नहीं पहुंचा है लेकिन करीब दस लोगों के घायल होने के समाचार हैं.
हरियाणा के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक ने बीबीसी को बताया कि इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है और दोनों सिख हैं.
उन्होंने बीबीसी से कहा ' इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है और आगे की जांच चल रही है. '
उल्लेखनीय है कि कुछ महीने पहले बाबा गुरमीत राम रहीम सिंह की एक तस्वीर छपी थी जिसमें उन्हें सिखों के धर्मगुरु गुरु गोविंद सिंह की वेशभूषा में दिखाया गया था जिसके बाद सिख समुदाय ने राम रहीम सिंह का कड़ा विरोध किया था.
विरोध प्रदर्शनों के बाद हिंसक घटनाओं में मौतें भी हुईं जिसके बाद से ही सिख समुदाय और डेरा सच्चा सौदा के रिश्ते अच्छे नहीं रहे हैं.