शुक्रवार, 01 फ़रवरी, 2008 को 22:03 GMT तक के समाचार
बंगाल की खाड़ी में चल रहे अभ्यास के दौरान भारत के युद्धपोत आईएनएस जलाश्व में हुई दुर्घटना में कम से कम पांच नौसैनिकों की मौत हो गई है.
नौसेना के प्रवक्ता ने बताया कि यह घटना जलाश्व युद्धपोत में अभ्यास के दौरान हुई है और दुर्घटना के समय युद्धपोत पोर्ट ब्लेयर और विशाखापटनम के बीच था.
नौसेना ने इस बात पर कोई टिप्पणी नहीं की है कि यह युद्धपोत किसी युद्धाभ्यास में हिस्सा ले रहा था.
प्रवक्ता का कहना था कि दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है लेकिन वो पांच मौतों की पुष्टि कर सकते हैं.
आईएनएस जलाश्व कुछ ही दिन पहले अमरीका से खरीदा गया है.
दुर्घटना के बाद नौसेना ने मेडिकल टीमें भेजी हैं और गंभीर रुप से घायलों को पोर्ट ब्लेयर ले जाया गया है.
मामले की जांच के लिए कमेटी का गठन कर दिया गया है.
प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार यह घटना युद्घपोत के इंजन रुम या जल शोधन संयंत्र की किसी मशीनरी में हुए विस्फोट के कारण हुआ है.
जलाश्व पहले अमरीकी पोत ट्रेनटन के नाम से जाना जाता था और इस पोत पर पहले भी ऐसी घटना हो चुकी है जिसमें चार नौसैनिकों की मौत हो गई थी.
यह घटना मार्च 1971 में हुई थी जब कुछ ही महीने पहले इसे अमरीकी नौसेना में शामिल किया गया था.
जलाश्व को कुछ ही दिन पहले अमरीकी नौसेना से 4 करोड़ 80 लाख डॉलर में खरीदा गया था और यह भारतीय नौसेना का दूसरा सबसे बड़ा पोत है. भारत आने से पहले यह युद्धपोत 36 वर्षों तक अमरीकी नौसेना की सेवा कर चुका है.