http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 01 फ़रवरी, 2008 को 06:09 GMT तक के समाचार

लालू ने ठाकरे के बयान की निंदा की

लालू प्रसाद यादव ने महाराष्ट्र नव निर्माण सेना के नेता राज ठाकरे के उस बयान की निंदा की है जिसमें उन्होंने कथित तौर पर बिहारियों के ख़िलाफ़ टिप्पणी की थी.

पिछले दिनों राज ठाकरे ने कथित तौर पर कहा था कि बिहार से आए लोग 'छठ का ड्रामा' करके मुंबई में वर्चस्व स्थापित करने की कोशिश कर रहे हैं.

पटना में उर्दू दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव ने कहा, "उन्होंने बिहार ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया में रहने वाले लोगों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचाया है जो छठ पर्व मानते हैं."

लालू यादव ने कहा कि छठ बिहार के गौरव का हिस्सा है और राज ठाकरे को ऐसे बयान देने में संयम बरतना चाहिए.

वो कहते हैं, "उन्हें लोगों की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करना होगा. जो उन्होंने कहा कि वो देशद्रोह की श्रेणी में आता है."

लालू यादव ने कहा कि इस तरह के बयान देना देश को बाँटने की कोशिश है.

लालू प्रसाद की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के सदस्यों ने पटना में राज ठाकरे का पुतला जलाया और उनके ख़िलाफ़ नारे लगाए.